भाजपा नीत राजग बिहार विधानसभा चुनाव में कम से कम 140 सीटें जीतेगी जबकि जद (यू)-राजद-कांग्रेस गठबंधन महज 70 सीटों पर सिमट सकता है। इस बात का दावा जी न्यूज के लिए किए एक सर्वेक्षण में किया गया है।

सर्वेक्षण में अनुमान जताया गया है कि भगवा गठबंधन को 50.8 फीसदी मत मिलेंगे जबकि नीतीश कुमार-लालू प्रसाद गठबंधन को 42.5 फीसदी मत मिलेंगे।

इसमें यह भी दावा किया गया है कि 41.2 फीसदी मुस्लिम राजग को मत दे रहे हैं। इसमें यह भी दावा किया गया है कि राजग को यादव मतदाताओं का भी महागठबंधन की तुलना में अधिक समर्थन मिल रहा है।

मुस्लिमों और यादवों को ‘धर्मनिरपेक्ष’ गठबंधन के अहम समर्थन आधार के तौर पर देखा जाता है। एक वक्तव्य के अनुसार राजग और महागठबंधन को क्रमश: 140 और 70 सीटें मिलेंगी और 33 विधानसभा सीटों पर कांटे की टक्कर है।

राज्य में 12 अक्तूबर से पांच नवंबर के बीच पांच चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे। मतगणना आठ नवंबर को होगी।