बिहार में 55 विधानसभा सीटों के लिए चौथे चरण का मतदान रविवार को होगा। भाजपा और जद (एकी) दोनों को इस चरण के मतदान से खासी उम्मीदें हैं क्योंकि गत विधानसभा चुनावों में इन दोनों दलों का गठबंधन था और उन्होंने इस चरण में आने वाली अधिकतर सीटों पर जीत दर्ज की थी।

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए चौथे चरण का मतदान सात जिलों- मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज और सिवान की 55 सीटों पर होना है। इस चरण के मतदान में जिन दिग्गजों की किस्मत दांव पर है उनमें वरिष्ठ मंत्री रमई राम (बुचहा सु.), रंजू गीता (बाजपट्टी), मनोज कुशवाहा (कुडनी) शामिल हैं। 2010 के विधानसभा चुनाव में 55 में से 26 सीटों पर भाजपा और 24 पर जद (एकी) ने अपना परचम लहराया था। राजद को केवल दो सीटों से संतोष करना पड़ा था जबकि तीन सीटें निर्दलीयों के खाते में गई थीं। लेकिन इस बार परिदृश्य बदल चुका है। महागठबंधन के खेमे से राजद ने 26 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं जबकि जद (एकी) ने 21 और कांग्रेस ने आठ सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

राजग की ओर से भाजपा ने इस चरण के लिए 42 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने पांच, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) ने चार-चार सीटों पर अपने उम्मीदवारों को उतारा है। इस चरण में कुल 1,46,93,294 मतदाता 14,139 मतदान केंद्रों पर अपने प्रतिनिधियों को चुनने के लिए अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। राज्य की इन 55 सीटों पर 776 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं जिनमें से 57 महिलाएं हैं।

अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर लक्ष्मणन ने कहा कि सुरक्षा स्थिति के आकलन के आधार पर 43 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान सुबह सात से शाम पांच बजे तक होगा जबकि आठ सीटों पर चार बजे तक होगा। चार सीटों पर मतदान तीन बजे ही खत्म हो जाएगा। उन्होंने बताया कि 3043 मतदान केंद्र नक्सल प्रभावित इलाकों में हैं। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों और राज्य पुलिस की 1163 कंपनियां तैनात की जाएंगी। मतदान के दौरान नदी में गश्त करने के लिए 38 मोटर बोट को सेवा में लगाया जाएगा।

पहले के तीन चरणों में 131 सीटों पर मतदान हो चुका है। चौथे चरण के बाद 186 सीटों पर मतदान हो चुका होगा। बची 57 सीटों पर अंतिम चरण का मतदान पांच नवंबर को होना है। मतगणना आठ नवंबर को होगी।

लगातार ब्रेकिंग न्‍यूज, अपडेट्स, एनालिसिस, ब्‍लॉग पढ़ने के लिए आप हमारा फेसबुक पेज लाइक करेंगूगल प्लस पर हमसे जुड़ें  और ट्विटर पर भी हमें फॉलो करें