बिहार एमएलसी चुनाव के नतीजे गुरुवार को आ गये हैं। 24 सीटों पर हुए चुनाव में एनडीए ने 11 सीटों पर जीत दर्ज की है। जिसमें भाजपा ने 8 सीटों पर अपना कब्जा जमाया है। वहीं राष्ट्रीय जनता दल को 6 और नीतीश कुमार की जदयू को 4 सीटें मिलीं हैं। इसमें बेगूसराय खगड़िया क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी राजीव कुमार को भी जीत मिली है।
जीत के जश्न में चली गोलियां: बता दें कि राजीव कुमार पूर्व मंत्री आरएन सिंह के बड़े बेटे हैं। उनकी जीत के बाद उनके समर्थक व खगड़िया जिले के मानसी ब्लॉक के पूर्व प्रमुख बलबीर चांद उर्फ चांद यादव जोश में होश खो बैठे। जीत का जश्न मनाते हुए उन्होंने रिवाल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें गुरुवार की शाम बलबीर यादव कांग्रेस प्रत्याशी राजीव कुमार का नाम लेकर फायरिंग करते हुए अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं।
गौरतलब है कि पूर्व प्रमुख ने जश्न मनाने के दौरान लगातार तीन गोलियां दागी। इसके बाद फोन पर एक वकील से बात करते हुए उन्होंने कहा, “अभी गोली चला रहा हूं, सर, कल किस केस की तारीख है। पैसा आपके खाते में ट्रांसफर कर दूंगा।”
कहां- लूंगी नहीं आये लोग यादव कहेंगे: घटना का वीडियो बना रहे शख्स से बलबीर चांद फोन कटने के बाद कहा, “लुंगी नही आनी चहिए, नहीं तो कहेंगे यादव ही है।” बता दें कि चांद यादव खगड़िया जिले के पूर्व बाहुबली विधायक रणवीर यादव के छोटे भाई हैं। उनके परिवार में राजनीतिक विरासत रही है। उनके भाई के अलावा उनकी भाभी पूनम देवी यादव भी खगड़िया से तीन बार जदयू विधायक रही हैं।
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद मानसी पुलिस ने कहा है कि वह वीडियो देखने के बाद जांच कर कार्रवाई करेगी। बता दें कि कांग्रेस को राजीव कुमार के रूप में सिर्फ बेगुसराय क्षेत्र से ही जीत मिली है। उन्होंने बीजेपी के सीटिंग एमएलसी को मात दी है। यह क्षेत्र बीजेपी के गिरिराज सिंह सांसद का हैं।