अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के मामले में बिहार के मंत्री महेश्वर हाजारी ने रिया चक्रवर्ती पर बड़े आरोप लगाए हैं। सुशांत की प्रेमिका रहीं रिया को हजारी ने विषकन्या बताया है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि सुशांत की ‘हत्या’ के पीछे एक गैंग का हाथ है।

न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए हजारी ने कहा, सुशांत सिंह राजपूत की मौत के पीछे एक गैंग का हाथ है। पहले भी कई टैलेंटेड लोग जो मुंबई में काम की तलाश में गए उनकी हत्या कर दी गई। इस गैंग ने रिया चक्रवर्ती का इस्तेमाल किया है। रिया ने सुशांत सिंह को अपने प्यार के जाल में फंसाया और उनका पैसा ट्रांसफर करा लिया। बाद में उसने भूत प्रेत का ड्रामा किया और विषकन्या की भूमिका निभाई। उन्होंने सुशांत के टैलेंट को खत्म किया और प्यार को बदनाम किया। इस दौरान उन्होंने सुशांत सिंह की आत्महत्या के मामले की सीबीआई जांच की भी मांग की।

उन्होंने कहा कि , बिहार सरकार चाहती है कि सुशांत की मौत के पीछे जिस गैंग का हाथ है, उस गैंग के सभी सदस्यों का नाम सामने आए। सुशांत के परिवार और उनके चाहने वालों को न्याय मिलना चाहिए। मैं सीबीआई जांच का भी अनुरोध करता हूं। बिहार सरकार भी जांच में मदद करेगी और दोषियों को सजा दिलाएगी।

इससे पहले, बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने आरोप लगाया कि सुशांत सिंह राजपूत के कथित आत्महत्या मामले में निष्पक्ष जांच के लिए मुंबई पुलिस राज्य पुलिस के साथ सहयोग नहीं कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा को लगता है कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को अभिनेता की मौत के मामले की जांच करनी  चाहिए।

सुशील मोदी ने ट्वीट किया था, “मुंबई पुलिस सुशांत मौत मामले में बिहार पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच के रास्ते में रुकावट डाल रही है। मुंबई पुलिस सहयोग नहीं कर रही है। बीजेपी को लगता है कि सीबीआई को इस मामले को संभालना चाहिए।”

वहीं, इस मामले पर महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा था कि मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है और इसे सीबीआई को हस्तांतरित नहीं किया जाएगा। सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह ने बिहार में अभिनेता रिया चक्रवर्ती के खिलाफ आत्महत्या सहित कई धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है। सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को अपने मुंबई आवास में मृत पाए गए थे।