बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग से पहले मोकामा में बड़ा बवाल हुआ। मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या हुई और इसी मामले में जेडीयू प्रत्याशी और बाहुबली नेता अनंत सिंह (छोटे सरकार) की गिरफ्तारी हुई। अनंत सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं अब उनके चुनाव प्रचार की कमान केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने संभाली है। ललन सिंह मुंगेर लोकसभा सीट से सांसद हैं। इसी के अंतर्गत मोकामा विधानसभा सीट भी आती है।
ललन सिंह करेंगे अनंत के लिए प्रचार
ललन सिंह सोमवार यानी 3 नवंबर को अनंत सिंह के लिए मोकामा विधानसभा सीट पर प्रचार करेंगे। अनंत सिंह मोकामा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं इसके बाद दिनभर मोकामा नगर परिषद में अलग-अलग गांव का दौरा भी करेंगे और अनंत सिंह के लिए वोट मांगेंगे। यानी 3 नवंबर सोमवार को पूरे दिन ललन सिंह बाहुबली नेता अनंत सिंह के लिए वोट मांगेंगे।
इन इलाकों में अनंत सिंह के लिए प्रचार करेंगे ललन सिंह
ललन सिंह सड़क मार्ग से पटना से मोकामा विधानसभा के पंडारक पश्चिम गांव का दौरा करेंगे। इसके बाद ललन सिंह पंडारक पूर्वी, कन्हाईपुर, सुल्तानपुर, मोर पश्चिम, मोर पूर्वी, बरहपुर, शिवनर, छत्रपुर और मोकामा नगर परिषद में अनंत सिंह के लिए वोट मांगेंगे।
अनंत सिंह ने दुलारचंद यादव को गोली मारी और उनके साथियों ने थार से कुचला, FIR में और क्या है?
बता दें कि 30 अक्टूबर को मोकामा के तारतर इलाके में दो उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें दुलारचंद यादव की हत्या हो गई थी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि घटना के समय अनंत सिंह मौके पर मौजूद थे और उन्होंने आचार संहिता का उल्लंघन किया था।
जेल से जीत पाएंगे ‘छोटे सरकार’?
अनंत सिंह मोकामा विधानसभा सीट से 2005 से विधानसभा चुनाव जीत रहे हैं। वह पांच बार इसी सीट से विधायक रह चुके हैं। वहीं 2020 में उन्होंने राजद के टिकट पर मोकामा से जीत हासिल की थी। इसके बाद उन्हें एक मामले में सजा सुनाई गई, जिसके बाद उनकी विधायकी चली गई। 2022 में मोकामा विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुआ, तो अनंत सिंह ने अपनी पत्नी नीलम देवी को उतार दिया। अनंत सिंह जेल में थे और नीलम देवी यह चुनाव जीत गई। इस बार भी हालात ऐसे ही लग रहे हैं क्योंकि अनंत सिंह वोटिंग के दिन भी जेल में ही रहेंगे। उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। ऐसे में बड़ा सवाल उठता है कि क्या ‘छोटे सरकार’ के नाम से मशहूर अनंत सिंह जेल से जीत पाएंगे?
