केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को बाबा साहब डॉ भीम राव अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण किया था। अब शनिवार को उस मूर्ति को बहुजन क्रांति मोर्चा और वाम दलों और राजद के कार्यकर्ताओं ने धोया।उनका कहना है कि गिरिराज सिंह संविधान की धज्जियां उड़ा रहे हैं। उनके छूने से मूर्ति अशुद्ध हो गई इसलिए इन लोगों ने मूर्ति को गंगा चल से नहलाया और शुद्ध किया।
बताया जा रहा है कि बेगूसराय के बलिया में शुक्रवार को भारतवंशी जागृति यात्रा निकाली गई थी। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी शिरकत की थी। इसी दौरान बलिया प्रखंड के अंबेडकर पार्क में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया था। जिसके बाद शनिवार को बहुजन क्रांति मोर्चा और वाम दलों और राजद के कार्यकर्ताओं मूर्ति को धोया।
Bihar: CPI (Communist Party of India) & RJD (Rashtriya Janata Dal) workers washed the statue of BR Ambedkar (in pic 3), after Union Minister Giriraj Singh garlanded the statue in Begusarai. (14.02.2020) pic.twitter.com/opwCPqpaAN
— ANI (@ANI) February 15, 2020
वहीं,अंबेडकर की मूर्ति को गंगा जल से धोने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विरोध किया है। बेगूसराय के भाजपा जिला अध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने कहा कि ये लोग मुस्लिमों-दलितों को बहला रहे हैं जैसे 1947 में हुआ था। देश की जनता यह स्वीकार नहीं करेगी। भीम राव अंबेडकर सभी वर्गों के आदर्श हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले बिहार में मंच धोने और शुद्धिकरण का मामला सामने आया था। दरभंगा के ललित नारायण मिथिला युनिवर्सिटी में सीपीआई के नेता कन्हैया कुमार के भाषण देने के बाद मंच को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने गंगाजल से धोया था। बता दें कि बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं उससे पहले पार्टियों ने राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी है जिसके बाद ऐसे मामले सामने आ रहे हैं।