पटना का बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ रहा है। इस सीट से बीजेपी के नेता नवीन कुमार सिन्हा चुनाव जीतते रहे थे। उनके निधन के बाद इस सीट पर लगातार बीजेपी के ही नितिन नवीन चुनाव जीत रहे हैं लेकिन इस बार के चुनाव में कांग्रेस ने बॉलीवुड स्टार और पूर्व केंद्रीय मंत्री शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा को चुनावी मैदान में उतारा है। शत्रुघ्न सिन्हा पटना साहिब से सांसद रह चुके हैं और उस क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। लव सिन्हा के मैदान में आने के बाद यहां की लड़ाई काफी रोचक हो गई है।

फिल्म से राजनीति का सफर:

फिल्मी करियर फ्लॉप होने पर राजनीति में आना कोई नई बात नहीं। ऐसे में बिहार चुनाव में भी एक और अभिनेता की एंट्री होने जा रही है। जेपी दत्ता की फिल्म पलटन में काम कर चुके एक्टर लव सिन्हा इस बार बिहार चुनाव से राजनीति में डेब्यू कर रहे हैं। लव सिन्हा कोई और नहीं, अपने जमाने के जाने-माने अभिनेता ‘शॉटगन’ शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे हैं. शत्रुघ्न सिन्हा खुद बिहार की राजधानी पटना के हैं,

लव सिन्हा की पहली पहचान ये है कि वे अभिनेता से नेता बने शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे हैं। लव सिन्हा ने साल 2018 में आई फिल्म ‘पलटन’ में काम किया था। जंग पर आधारित यह फिल्म जेपी दत्ता ने बनाई थी। लव सिन्हा की फिल्मी शुरुआत साल 2010 में फिल्म ‘सदियां’ से हुई थी। इस फिल्म में हेमा मालिनी, रेखा और ऋषि कपूर भी थे। बहरहाल फिल्मी दुनिया से राजनीति के मैदान में आए लव सिन्हा के लिए चुनौतियां कम नहीं हैं।

‘बाहरी नहीं, बिहारी हूं’:

लव सिन्हा के पिता शत्रुघ्न सिन्हा जब सांसद थे तब उनपर आरोप लगते रहे थे कि वो सिर्फ चुनावी मौसम में ही नजर आते हैं। इस विधानसभा के लोगों के मन में एक सवाल उमड़ रहा है कि क्या लव सिन्हा भी क्या सिर्फ चुनाव में ही नजर आएंगे? ‘दैनिक भास्कर’ से बातचीत के दौरान लव सिन्हा से जब ऐसा ही एक सवाल पूछा गया तब उन्होंने कहा कि ‘मैं बरसाती मेंढक नहीं। हम आते रहते हैं यहां। पटना में हमारा घर है। मैं 2009 से यहां आता रहा हूं। पहले भी आता रहता था। आज भी मैं पिताजी के लिए ही काम करने उतर रहा हूं।’

जब उनसे पूछा गया कि वो बांकीपुर के बारे में क्या जानते हैं तब उन्होंने कहा कि ‘बांकीपुर में…हर इलेक्शन में…हर शहर में समस्या क्या होती है? कोई भी इलाके को देख लीजिए। बांकीपुर हो, फतवा हो…फतुहा हो, बख्तियारपुर हो, कुम्हरार हो, कदमकुआं हो…कोई भी जगह हो, समस्या क्या है? नाले ठीक से नहीं बनते हैं। बिजली कटती रहती है। यहां पर कहा गया कि 24 घंटे बिजली मिलेगी, लेकिन मैं खुद घर में बैठा था कल…पांच-छह बार तो बिजली खुद गई मेरे ही सामने। ये सब समस्या अगर आप इतने समय में सुधार नहीं पाए तो मैं पूछूंगा कि आप क्या कर रहे थे इतने टाइम? कोई भी जगह हो, समस्या सेम है, बांकीपुर हो या कोई भी जगह।’’

कोई केस दर्ज नहीं:

आपको बता दें कि बांकीपुर के कांग्रेस उम्मीदवार लव सिन्हा ने नामांकन पत्र भरते वक्त जानकारी दी है कि उनके पास कुल चल संपत्ति 93 लाख 44 हजार 531 रुपए की है। वहीं उनके पास अचल संपत्ति 1 करोड़ 75 लाख रुपए की है। उन्होंने बताया है कि उनके पास नगर 2 लाख 20 हजार रुपया है। लव के ऊपर कोई भी आपराधिक मुकदमा नहीं है। उन्होंने बताया है कि उनके इंकम का जरिया बिजनेस और प्राइवेट नौकरी है।