जेएनयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष व सीपीआई नेता कन्हैया कुमार को समर्थकों सहित बिहार में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।  CAA-NRC-NPR के विरोध में एक महीने की जन-गण-मन यात्रा की शुरूआत करने बेतिया जा रहे थे जहां पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद कन्हैया कुमार की रैली में शामिल हुए लोगों ने उनको हिरासत में लिए जाने के विरोध में भितिहरवा गांधी आश्रम के बाहर धरना पर बैठ गए। हालांकि बाद में प्रशासन ने गिरफ्तार करने के आदेश को रद्द कर दिया।

कन्हैया कुमार ने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। कन्हैया कुमार ने ट्वीट करते हुए लिखा है, गांधी-आश्रम (चम्पारण) में जनता के शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन के आगे झुकते हुए प्रशासन ने हिरासत-आदेश को रद्द कर दिया है और CAA-NRC-NPR के विरोध में एक महीने की जन-मन-गण यात्रा अपने तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार शुरू हो गई है। आज बेतिया और मोतिहारी में जन-सभाओं का आयोजन होगा।

बता दें कि कन्हैया कुमार ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर  कई वीडियो भी शेयर किए हैं। कन्हैया कुमार यहां जन-गण-मन यात्रा की शुरुआत करने आए थे। ये यात्रा एक महीने तक चलेगी। सीएए एनआरसी, एनपीआर के खिलाफ इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा बिहार के लगभग सभी प्रमुख शहरों से गुजरेगी। इसके अलावा 50 से ज्यादा जगहों पर सभाएं की जाएंगी।