बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल अपने एक बयान को लेकर घिरते नजर आ रहे हैं। दरअसल भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए संजय जायसवाल ने व्यापारियों से अपने कर्मचारियों को पांच-पांच सौ रुपए देने की बात कही, जिसके बाद उन पर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लग रहा है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। जिसके बाद प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।

खबर के अनुसार, बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल उपचुनावों में किशनगंज सीट से भाजपा प्रत्याशी स्वीटी सिंह के समर्थन में एक सभा को संबोधित करने पहुंचे थे। इस दौरान स्वीटी सिंह के समर्थन में वोट मांगते हुए संजय जायसवाल ने कहा कि किशनगंज के व्यापारियों से कहा कि “सभी व्यापारी वोटिंग वाले दिन अपने अपने स्टाफ को 500-500 रुपए दें, ताकि वह सुबह 7 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक मतदान केन्द्र में मौजूद रहें और अपने प्रत्याशी के पक्ष में वोट डलवाएं।”

इसके साथ ही संजय जायसवाल ने ये भी कहा कि अगर आप लोगों ने अन्य जगहों के लोगों का नाम वोटर लिस्ट में चढ़वाया है तो उनका भी वोट ज्यादा से ज्यादा डलवाएं, ताकि भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़ सके। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के इस बयान का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वहीं वीडियो वायरल होने के बाद किशनगंज एसडीएम के निर्देश पर सीओ ने लिखित में भाजपा नेता के खिलाफ शिकायत दी है। संजय जायसवाल के साथ ही भाजपा प्रत्याशी स्वीटी सिंह के खिलाफ भी शिकायत की गई है। जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि भाजपा नेताओं के जांच में दोषी पाए जाने पर सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि बिहार में 5 विधानसभा और एक लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव हो रहे हैं। इन उपचुनावों के लिए 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। शनिवार को चुनाव प्रचार का आखिरी दिन था। जिन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं, उनमें किशनगंज, बेलहर, नाथनगर, दरौंदा, कुशेस्वरस्थान और सिमरी बख्तियारपुर सीट शामिल हैं। वहीं समस्तीपुर लोकसभा सीट पर चुनाव होने हैं। बिहार के उपचुनावों में कुल 51 प्रत्याशी चुनाव मैदान हैं और कुल 3258 बूथों पर वोट डाले जाएंगे।