केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख के कारगिल शहर में वायुसेना ने रात के वक्त कारगिल एयरस्ट्रिप पर सी-130जे सुपर हर्क्यूलस विमान को लैंड करवाया है, जिसे एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। भारतीय वायुसेना ने ट्वीट कर कहा, ‘पहली बार वायुसेना के सी-130जे एयरक्राफ्ट ने कारगिल एयरस्ट्रिप पर रात के समय लैंडिंग की है।
इस अभ्यास के दौरान टेरेन मास्किंग का काम करते हुए गरुड़ कमांडो को भी तैनात किया गया।” दरअसल टेरेन मास्किंग सेना की एक रणनीति है जिसका इस्तेमाल दुश्मन के रडार से बचने के लिए पहाड़ियों में किया जाता है। यह दुश्मन को कनफ्यूज करने में काफी सहायक होता है।
क्यों है एक बड़ा कदम?
यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है जहां भारतीय वायु सेना का C-130J विमान हाल ही में पहली बार रात में कारगिल हवाई पट्टी पर उतरा। हालांकि IAF ने प्रशिक्षण मिशन के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी है।
पिछले साल भारतीय वायुसेना ने सूडान में एक साहसी रात्रि मिशन के लिए भी इस विमान का उपयोग किया था। 8,800 फीट से अधिक की ऊंचाई पर चुनौतीपूर्ण हिमालयी इलाके के बीच स्थित कारगिल हवाई पट्टी पायलटों के लिए अलग बड़ी चुनौती की तरह रही है। यहां लैंडिंग कराना बहुत आसान नहीं होता है। दिन में भी काफी परेशानियां होती हैं जबकि रात में इससे सफलता से उतार पाना बड़ी बात मानी जाती है।
ऐसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में खास तौर से अंधेरे की आड़ में C-130J विमान की लैंडिंग को सफलतापूर्वक नेविगेट करना भारतीय वायुसेना की कुशलता को दिखाता है।