लगातार मिल रहे पैरोल से चर्चा में आए डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। गुरमीत राम रहीम को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने बेअदबी मामले में हाई कोर्ट द्वारा लगाई गई रोक को हटा दिया है। यानी अब बेअदबी मामले में राम रहीम के खिलाफ केस चलेगा। राम रहीम के खिलाफ बरगाड़ी में गुरू ग्रंथ साहिब की बेअदबी का आरोप लगा था।

राम रहीम के खिलाफ तीन मामलों में चल रही थी जांच

इस आरोप में तीन मामलों की जांच चल रही थी। लेकिन इस पर पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने रोक लगा दी थी। अब सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट की रोक को खत्म कर दिया है। पंजाब सरकार ने हाई कोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। वहीं सुप्रीम कोर्ट ने भी राम रहीम को नोटिस जारी किया और चार हफ्तों में जवाब मांगा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद राम रहीम के खिलाफ निचली अदालत में ट्रायल शुरू होगा।

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा मामला 2015 का है। धार्मिक ग्रंथ के बेअदबी मामले में पंजाब पुलिस ने जांच रिपोर्ट में सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा को घटनाओं के लिए जिम्मेदार बताया था। वर्ष 2015 में फरीदकोट में गुरू ग्रंथ साहिब की एक प्रतिलिपि चोरी होने, बेअदबी संबंधी पोस्टर और पवित्र ग्रंथ के फटे फटे मिलने की घटनाएं सामने आई थी।

डेरा के प्रभाव वाले इलाकों में कैसा रहा बीजेपी का प्रदर्शन, क्या राम रहीम की पैरोल का मिला फायदा?

इसके बाद फरीदकोट में विरोध प्रदर्शन हुआ था। प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने गोलीबारी की थी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा कुछ लोग घायल भी हुए थे। बाबा राम रहीम को तीन घटनाओं में नामजद किया गया था।

पैरोल को लेकर चर्चा में राम रहीम

बता दें कि राम रहीम बीते दिनों पैरोल को लेकर चर्चा में था। बीते 2 अक्टूबर को भी राम रहीम को 20 दिन की पैरोल मिली थी हरियाणा चुनाव से पहले यह पैरोल मिली थी। 2017 में सजा पाने के बाद राम रहीम अब तक 10 बार पैरोल पर बाहर आ चुका है। राम रहीम को कई बार 30 और 40 दिन की भी पैरोल मिली है।