महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पूरे देश में गांधी संकल्प यात्रा निकाल रही है। लेकिन, भोपाल से पार्टी की सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने इसमें हिस्सा नहीं लिया। गौरतलब है कि साध्वी प्रज्ञा महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे के संदर्भ में बात करते हुए विवादित बयान दिया था। उन्होंने गोडसे को देशभक्त बताया था। जिसके बाद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कहना पड़ गया था कि वह प्रज्ञा ठाकुर को दिल से कभी माफ नहीं कर पाएंगे।

हालांकि, पिछले दिनों उन्होंने एक ट्वीट किया था, जिसमें महात्मा गांधी की पत्नी कस्तूरबा गांधी की तारीफ की थी। लेकिन, उनके विवादित बयान फिर से चर्चा में हैं, क्योंकि उन्होंने अब महात्मा गांधी को ‘राष्ट्रपुत्र’ बताया है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रपुत्र हैं और हमारे लिए आदरणीय हैं। भोपाल रेलवे स्टेशन के एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचीं प्रज्ञा ठाकुर से जब संकल्प यात्रा में हिस्सा नहीं लेने पर पूछा गया तो उन्होंने सवाल टालते हुए कहा, “गांधी राष्ट्रपुत्र हैं और हमारे लिए आदरणीय हैं, लेकिन मुझे किसी को सफाई नहीं देनी।”

प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि देश के लिए जिसने भी काम किया वह आदरणीय है और हम उनके पदचिन्हों पर चलते हैं। इस दौरान बीजेपी सांसद ने कांग्रेस को भी निशाना बनाया और कहा कि हम अपने सिद्धांतों को नहीं बदलेंगे। जो अच्छा है वह स्वीकार्य है और जो गलत है वह अस्वीकार्य है। कांग्रेस मेरे बारे में कुछ भी कहे, लेकिन मेरा सिद्धांत राष्ट्र के लिए है। उन्होंने कहा कि वह राष्ट्र के लिए जीती हैं और मरती हैं।

प्रज्ञा ठाकुर का बयान पहले भी चर्चा का विषय रहे हैं। फिलहाल 2 अक्टूबर से देश भर में बीजेपी महात्मा गांधी के सम्मान में संकल्प यात्रा निकाल रही है। यह यात्रा 31 अक्टूबर को खत्म होगी। लेकिन, लोकसभा चुनाव के दौरान नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताने के बाद से वह अधिकांश लोगों के निशाने पर आ गई थीं।