राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज राष्ट्रपति भवन में पांच हस्तियों को भारत रत्न से सम्मानित किया। इन सम्मानित हस्तियों में पूर्व प्रधानमंत्रियों चौधरी चरण सिंह, पीवी नरसिम्हा राव होंगे तो बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर, कृषि विज्ञानी एमएस स्वामीनाथन और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के नाम हैं।

सम्मानित किए जाने वाले इन महान लोगो में फिलहाल सिर्फ बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ज़िंदा हैं। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने इस साल की शुरुआत में भारत रत्न पुरस्कार के लिए पांच प्रतिष्ठित हस्तियों की सिफारिश की थी।

आडवाणी को कल मिलेगा अवार्ड

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के घर जाएंगी। आडवाणी की सेहत ठीक नहीं है इसलिए उन्हें घर जाकर सम्मान दिया जाएगा। आडवाणी भाजपा के संस्थापक सदस्य हैं। आडवाणी के अलावा कर्पूरी ठाकुर को भी अवार्ड दिया जा रहा है। वह बिहार में कई सुधारों के लिए जाने जाते हैं।

‘भारत रत्न’ देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। यह सम्मान असाधारण और सर्वोच्च सेवा को मान्‍यता देने के लिए दिया जाता है। यह सम्मान राजनीति, कला, साहित्‍य, विज्ञान के क्षेत्र में किसी विचारक, वैज्ञानिक, उद्योगपति, लेखक और समाजसेवी को दिया जाता है।

भारत रत्न देने की शुरुआत 2 जनवरी, 1954 को तत्कालीन राष्ट्रपति डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद ने की थी। यह सम्मान सबसे पहले स्वतंत्र भारत के पहले गवर्नर जनरल चक्रवर्ती राजगोपालाचारी, पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन और वैज्ञानिक डॉक्टर चंद्रशेखर वेंकट रमन को 1954 में दिया गया था। तब से कई लोगों को अपने-अपने क्षेत्र में उत्‍कृष्‍ट योगदान देने के लिए यह सम्मान दिया जा चुका है।

साल 1954 में भारत रत्न केवल जीवित व्यक्ति को ही दिया जाता था, लेकिन 1955 में मरणोपरांत भी भारत रत्न दिए जाने का प्रावधान जोड़ा गया। एक साल में सिर्फ़ तीन भारत रत्न ही दिए जाते हैं। अब तक कुल 48 लोगों को भारत रत्न सम्मान दिया गया है। आखिरी बार यह सम्मान साल 2019 में दिया गया था।