कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण दिसंबर से शुरू हो सकता है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी (Congress MP Rahul Gandhi) की अगुवाई में भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण शुरू होगा। हालांकि यह यात्रा पूरी तरह से पैदल आयोजित नहीं की जाएगी बल्कि इसे हाइब्रिड (Hybrid Mode) मोड में आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।
हाइब्रिड मोड में भारत जोड़ो यात्रा आयोजित करने की तैयारी
कुछ दूर राहुल गांधी अन्य नेताओं के साथ पैदल चलेंगे तो कुछ दूर गाड़ियों से इसका सफर तय किया जाएगा। बता दें कि जब भारत छोड़ो यात्रा का पहला चरण शुरू हुआ था, उसके बाद राहुल गांधी ने एक बयान में कहा था कि उनके घुटनों में दर्द होता है। लेकिन लोगों से मिले प्यार के कारण वह दर्द खत्म हो गया। अब शायद अन्य नेताओं को चलने के कारण तकलीफ ना हो, इसलिए भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण हाइब्रिड मोड में आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।
पहला चरण 7 सितंबर 2022 को शुरू हुआ था
भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) का पहला चरण 7 सितंबर 2022 को शुरू हुआ था और 30 जनवरी 2023 को इसका समापन हुआ था। 7 सितंबर 2022 को कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा शुरू हुई थी, जबकि 30 जनवरी को कश्मीर में इसका समापन हुआ था।
कांग्रेस नेताओं ने 4 हजार किलोमीटर का सफर पैदल तय किया
भारत जोड़ो यात्रा के पहले चरण के दौरान राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं ने 4000 किलोमीटर से अधिक दूरी का सफर पैदल तय किया था। यह यात्रा केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब से लेकर कश्मीर तक की यात्रा थी। इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ फिल्मी दुनिया की हस्तियों और देश के अन्य क्षेत्रों के दिग्गजों ने भी शिरकत की थी।
विपक्षी नेताओं ने भी लिया था हिस्सा
भारत जोड़ो यात्रा के पहले चरण में राहुल गांधी को विपक्षी नेताओं का भी साथ मिला था। नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला, पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती, शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे, प्रियंका चतुर्वेदी और संजय राउत और एनसीपी की सुप्रिया सुले जैसे विपक्षी नेता भी मार्च के दौरान शामिल हुए थे।