Bharat Bandh Toady, Punjab Kisan Andolan: फसलों पर MSP की डिमांड को लेकर आंदोलन कर रहे किसान संगठनों ने आज भारत बंद बुलाया हुआ है। पंजाब राज्य में इस बंद का मिलाजुला असर दिखाई दे रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पंजाब के जालंधर शहर में किसानों द्वारा बाजार बंद करवाए जा रहे हैं। यहां पर किसानों की पैट्रोलिंग वैन बाजारों में घूम रही हैं और दुकानें बंद करवा रही हैं। सड़कों पर भी आते-जाते लोगों को रोका जा रहा है और सिर्फ जरूरी काम वालों को ही जाने दिया जा रहा है। शहर में कुछ पेट्रोल पंप बंद हैं और कई खुले हुए हैं।
बात अगर लुधियाना की करें तो यहां बंद का स्पष्ट असर दिखाई दे रहा है। लुधियाना शहर में सड़कें खाली पड़ी हैं। शहर के ज्यादातर पेट्रोल पंप बंद हैं। कई पेट्रोल पंप ड्राई हो चुके हैं और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सीमावर्ती जिले अमृतसर में बंद का खास असर देखने को नहीं मिल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहां आम दिनों की तरह ही सड़कों पर ट्रैफिक मूवमेंट हैं। कुछ दुकानें बंद हैं तो कुछ खुली हुई हैं, हालांकि हरमंदिर साहब के आसपास वाली सभी दुकानें बंद हैं। अमृतसर में किसानों ने मार्च निकालकर व्यापारियों से ‘भारत बंद’ को सफल बनाने की अपील की थी।
फजालिका शहर में पूर्ण बंद
बात अगर अमृतसर शहर में बसों की मूवमेंट की करें तो यहां प्राइवेट और सरकारी बस स्टैंड बंद हैं। सड़कों पर लोकल बसें भी नहीं है। सीटीयू की कुछ बसों की मूवमेंट अमृतसर शहर में जरूर देखी गई है। ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब के फजालिका में पूर्ण बंद देखा जा रहा है। यहां मेडिकल स्टोर सहित सभी दुकानें बंद हैं। यहां व्यापार मंडल किसानों के समर्थन में है।
Bharat Bandh: कौन- कौन बंद में ले रहे हिस्सा?
न्यूज एजेंसी पीटीआई द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, पंजाब रोडवेज की बसें, पनबस और पीआटीसी यूनियन किसानों के भारत बंद का समर्थन कर रही हैं। पंजाब में कई स्थानों पर किसान प्रदर्शन कर रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन राजेवाल, भारतीय किसान यूनियन डाकुंडा, भारती किसान यूनियन लाखोवाल, भारतीय किसान यूनियन कादियान, कीर्ति किसान यूनियन बंद में हिस्सा ले रहे हैं।
भारत बंद की वजह से पंजाब के कई शहरों में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोग अपने गंतव्य स्थानों पर जाने के लिए बसों का इंतजार कर रहे हैं। स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वाले लोगों को भी बसें न चलने की वजह से परेशानी हो रही है।