आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने बुधवार को पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। भगवंत मान पंजाब के दूसरे सबसे युवा मुख्यमंत्री भी हैं। कार्यकाल के हिसाब से भगवंत मान पंजाब के 25वें सीएम होंगे। आम आदमी पार्टी ने भगवंत मान को पंजाब चुनाव में सीएम उम्मीदवार बनाया था।

पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद भगवंत मान ने कहा, “यहां आने की एक खास वजह है। पहले शपथ ग्रहण राजमहलों में होते थे। अब शपथ ग्रहण समारोह शहीदों के गांव आया है। जिन्होंने हमें ये देश दिया उन्हें याद तो करें, केवल 23 मार्च और 28 सितंबर को थोड़ी याद करना है। वे हमारे दिल में बसे हैं।”

भगवंत मान ने आगे कहा, “ये गांव मेरे लिए नया नहीं है और मैं यहां पहले भी कई बार आया हूं। कई जन्म लेने पड़ेंगे जनता के इस प्यार को उतारने के लिए।” भगंवत मान ने कहा कि जिन्होंने वोट नहीं दिया वे उनके भी मुख्यमंत्री हैं और ये उनकी भी सरकार है।

शपथ ग्रहण समारोह एक घंटे देरी से शुरू हुआ। पहले, यह कार्यक्रम दोपहर साढ़े 12 बजे होना था। इस समारोह में दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के अलावा पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।

कॉमेडियन के तौर पर शुरू किया था करियर

भगवंत मान ने बतौर कॉमेडियन अपने करियर की शुरुआत की थी। राजनीति में आने से पहले मान एक सफल कॉमेडियन रहे। भगवंत मान ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ में बतौर प्रतिभागी गए थे, जहां उनके सामने जज की कुर्सी पर क्रिकेटर से राजनेता बने नवजोत सिंह सिद्धू बैठे थे। यह कॉमेडी शो काफी पॉपुलर हुआ था।

दिलचस्प बात है कि पंजाब चुनाव में भगवंत मान और तब पंजाब कांग्रेस के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू विरोधी खेमे थे। यह संयोग ही है कि सिद्धू के सामने जिस शो में भगवंत मान एक कंटेस्टेंट के तौर पर मौजूद थे और वही भगवंत मान सिद्धू और उनकी पार्टी को पंजाब की सियासी जमीन पर मात देकर सूबे के सीएम की कुर्सी तक पहुंचने में कामयाब रहे।