पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दोबारा शादी करने जा रहे हैं। गुरुवार को चंडीगढ़ में मान शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। इस कार्यक्रम में ज्यादा लोग नहीं बुलाए गए हैं। पंजाब में यह पहला मौका है जब कोई मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए शादी करने जा रहा है। मान के विवाह समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल परिवार सहित भाग लेंगे। यह समारोह सादगी भरा होगा।

भगवंत मान जिस युवती के साथ शादी करने जा रहे हैं उनका नाम डा. गुरप्रीत कौर है। मुख्यमंत्री ने अपनी शादी को लेकर कोई खुलासा नहीं किया था। मान अभी 48 वर्ष के हैं और उनका पहली पत्नी से चार वर्ष पहले तलाक हो चुका है। मान और डा. गुरप्रीत कौर पिछले एक-डेढ़ साल से काफी नजदीक थे। गुरप्रीत मूल रूप से हरियाणा की रहने वाली हैं। इस समय वे अपने परिवार के साथ राजपुरा में रहती हैं। गुरप्रीत अक्सर भगवंत मान की बहन के साथ देखी जाती थीं।

भगवंत मान का 2016 में इंदरप्रीत कौर से तलाक हो गया था। उनके दो बच्चे बेटी सीरत कौर मान (21) और एक बेटा दिलशान मान (17) हंै। वे मां के साथ अमेरिका में रहते हैं। भगवंत मान ने जब मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी तो दोनों पिता से मिलने शपथग्रहण समारोह में आए थे। समारोह में बेटी और बेटे को देख कर भगवंत मान काफी भावुक हो गए थे।

2014 में जब मान ने संगरूर से लोकसभा चुनाव लड़ा तब पहली पत्नी इंद्रप्रीत कौर उनका प्रचार करती भी नजर आई थीं। बाद में दोनों अलग हो गए थे। इंद्रप्रीत कौर दोनों बच्चों को लेकर अमेरिका चली गई।