Bharat Jodo Yatra: बेंगलुरु की एक अदालत ने कांग्रेस पार्टी और भारत जोड़ो यात्रा के ट्विटर अकाउंट को अस्थायी रूप से ब्लॉक करने के लिए ट्विटर को निर्देश दिया है। बता दें कि एमआरटी म्यूजिक द्वारा इन अकाउंट्स के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसमें कथित तौर पर आरोप लगाया गया था कि फिल्म केजीएफ चैप्टर -2 के ट्रैक को गलत तरीके से इस्तेमाल करके एमआरटी म्यूजिक के अधिकार वाले कॉपीराइट का उल्लंघन किया गया
बता दें कि एमआरटी म्यूजिक ने यशवंतपुर थाने में राहुल गांधी, जयराम रमेश और सुप्रिया श्रीनेट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
क्या है मामला:
कांग्रेस के आधिकारिक अकाउंट और भारत जोड़ो यात्रा के हैंडल पर आरोप है कि इन हैंडल से KGF-2 के गानों के साथ एक वीडियो शेयर किया गया। वीडियो शेयर करते हुए कॉपीराइट का कथित रूप से उल्लंघन हुआ है। एमआरटी म्यूजिक कंपनी ने अपनी शिकायत में कहा था कि उसने केजीएफ-2 के गानों के अधिकार हिंदी में हासिल करने के लिए काफी पैसा दिया है। ऐसे में इसका इस तरह से इस्तेमाल कॉपीराइट का उल्लंघन है।
एमआरटी म्यूजिक ने अपनी तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि फिल्म के गाने का इस्तेमाल गलत हुआ है। क्योंकि भारत जोड़ो यात्रा का मकसद राजनीतिक है। कोर्ट की तरफ से जारी आदेश में ट्विटर को इन दो हैंडल से तीन लिंक हटाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही कांग्रेस व भारत जोड़ो यात्रा के ट्विटर हैंडल को ब्लॉक करने का आदेश दिया।
आरोप के मुताबिक कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया गया, जिसमें राहुल गांधी के मोशन शॉट दिखाई दे रहे हैं। वहीं बैकग्राउंड साउंड में ‘रणधीरा’ ट्रैक सुनाई दे रहा है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जयराम रमेश ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर भारत जोड़ो यात्रा के दो वीडियो शेयर किए। इन वीडियो में केजीएफ-2 फिल्म के गानों का इस्तेमाल किया गया और इसके लिए अनुमति नहीं ली गई।
बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा में बॉलीवुड हस्तियों को भी देखा जा रहा है। कुछ दिन पहले इस यात्रा में फिल्म अभिनेत्री पूजा भट्ट राहुल गांधी के साथ दिखी थीं।