कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज से शुरू हो रही है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा मणिपुर के इंफाल से शुरू हो रही है। इस बीच कांग्रेस को दो बड़े झटके लगे हैं। सबसे पहले तो महाराष्ट्र कांग्रेस के बड़े नेता मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया, तो वहीं असम से भी कांग्रेस के लिए बुरी खबर आई है।
कांग्रेस नेता का इस्तीफा
असम कांग्रेस के सचिव पद से अपूर्ब भट्टाचार्य ने इस्तीफा दे दिया है। राहुल गांधी की न्याय यात्रा से पहले कांग्रेस के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है। क्या खबर ऐसे समय में आई है जब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अपने साथियों के साथ मणिपुर रवाना हुए हैं।
असम से लगातार लग रहे झटके
असम में कांग्रेस पार्टी को लगातार झटके लग रहे हैं। इससे पहले नवंबर महीने में भी असम कांग्रेस के दो बड़े नेताओं ने बीजेपी का दामन थामा था। 2021 में असम के बरहामपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले सुरेश बोरा और असम युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष पोरिटुश रॉय ने पार्टी छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया था।
पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा ने रविवार सुबह X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “आज मेरी राजनीतिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण अध्याय का समापन हुआ है। मैंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया है, जिससे पार्टी के साथ मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता खत्म हो गया है। मैं सभी नेताओं, सहकर्मियों और कार्यकर्ताओं का वर्षों से अटूट समर्थन करने के लिए आभारी हूं।”
टेंशन में कांग्रेस
मिलिंद देवड़ा के इस्तीफे पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता वर्षा गायकवाड ने X पर लिखा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आपने यह निर्णय लिया मिलिंद जी। व्यक्तिगत स्तर पर और एक कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में मैं आज दुखी महसूस कर रही हूं।देवड़ा परिवार का कांग्रेस परिवार के साथ एक लंबा और पुराना नाता रहा है। हम सभी आपको यह कदम न उठाने के लिए मनाने की कोशिश कर रहे थे। पार्टी नेतृत्व भी आप तक पहुंचता है। यह भी अफ़सोस की बात है कि आपकी घोषणा उस दिन हुई है जब पार्टी ऐतिहासिक भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर निकल रही है।”