देश के सबसे अमीर शख्स, नामी कारोबारी और रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने पिछले साल हर दिन 300 करोड़ रुपए की कमाई की। यह बड़ा खुलासा ‘बार्कलेज हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2018’ में हुआ है। तीन लाख 71 हजार करोड़ रुपए की कुल संपत्ति के साथ वह इस सूची में बीते सात सालों से पहले पायदान पर जमे हुए हैं। कमाई के साथ उनकी कंपनी के शेयर के भाव में उस दौरान तकरीबन 45 फीसदी का इजाफा हुआ।
अंबानी के बाद इस सूची में दूसरे स्थान पर एसपी हिंदुजा परिवार (एक लाख 59 हजार करोड़ रुपए की कुल संपत्ति), तीसरे पायदान पर एलएन मित्तल परिवार (एक लाख 14 हजार 500 करोड़ रुपए) और चौथे नंबर पर अजीम प्रेमजी (96 हजार 100 करोड़ रुपए) के नाम हैं। मगर अकेले अंबानी की संपत्ति इन तीनों की कुल धन-दौलत व जमीन-जायदाद से ज्यादा है।
आपको बता दें कि बार्कलेज की इस लिस्ट में भारत के उन सबसे अमीर लोगों को शामिल किया जाता है, जिनकी नेट वर्थ एक हजार करोड़ रुपए या उससे अधिक होती है। साल 2017 की सूची के मुकाबले इस बार एक तिहाई लोग अधिक लोग शामिल किए गए। पिछले साल सूची में 617 लोगों के नाम थे, जबकि 2018 में इसमें 831 लोगों के नाम हो गए।

सूची में पांचवें नंबर पर सन फार्मा के दिलीप सांघवी का नाम है, जो कि इस बार तीन पायदान नीचे खिसक आए हैं। उनकी संपत्ति लगभग 89 हजार 700 करोड़ रुपए के आसपास है। उनके बाद छठे स्थान पर 78 हजार 600 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ कोटक महिंद्रा बैंक के उदय कोटक काबिज हैं, जबकि सूची में सातवें नंबर सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सायरस एस.पूनावाला का नाम दर्ज है। उनकी कुल संपत्ति 73 हजार करोड़ रुपए की है। आगे आठवें स्थान पर अडानी एंटरप्राइजेज के गौतम अडानी और नौवें पर सायरस पलोंजी के नाम हैं। उनकी संपत्ति क्रमशः 71 हजार 200 करोड़ रुपए और 69 हजार 400 करोड़ रुपए है।

रिपोर्ट में इसके अलावा भारत के 10 सबसे अमीर परिवारों का ब्यौरा भी दिया गया है। उसमें भी अंबानी परिवार ने पहले स्थान पर काबिज रहते हुए बाजी मारी है। सबसे अमीर परिवारों की सूची में अंबानी परिवार के बाद गोदरेज, हिंदुजा, मिस्त्री, सांघवी, नादर, अडानी, लोहिया और बर्मन परिवार के नाम शामिल हैं। बार्कलेज हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2018 में 66 एनआरआई शामिल हैं।

