गाज़ियाबाद में पति से झगड़े के बाद एक महिला ने 9वीं मंजिल से छलांग लगा दी। पति ने 3 मिनट तक हाथ पकड़कर रखा और शोर मचा दिया। शोर सुनकर नीचे लोगों ने गद्दे बिछा दिए। लेकिन पकड़ कमजोर पड़ते ही महिला नीचे गिरी और गंभीर से घायल हो गई। घटना का शाकिंग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
फिलहाल महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। वो अस्पताल में उपचाराधीन है। महिला को नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके होश में आने का इंतजार किया जा रहा है। महिला के होश में आने के बाद ही मामले की तस्वीर साफ हो पाएगी। पुलिस को शिकायत नहीं दी गई है। लेकिन पुलिस ने अपनी तरफ से मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उसे महिला के होश में आने का इंतजार है। पति से पूछताछ की जा चुकी है।
घटना गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके की एक पॉश सोसाइटी की है। यहां नौवें फ्लोर से एक महिला संदिग्ध हालत में नीचे गिर गई। बालकनी में खड़े पुरुष ने महिला को बचाने की काफी कोशिश की और गिरती हुई महिला का हाथ पकड़ लिया। लेकिन लाख कोशिशों के बाद भी महिला का हाथ छूट गया।
ग़ाज़ियाबाद में पति से झगड़े के बाद एक महिला ने 9वीं मंज़िल से छलांग लगाई,पति ने 3 मिनट तक हाथ पकड़कर रखा और शोर मचा दिया,शोर सुनकर नीचे लोगों ने गद्दे बिछा दिए,पकड़ कमजोर पड़ते ही महिला नीचे गिरी और गंभीर से घायल हो गई pic.twitter.com/6WPYzEMI3A
— Mukesh singh sengar मुकेश सिंह सेंगर (@mukeshmukeshs) July 15, 2021
मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि महिला बालकनी से नीचे की तरफ लटकी हुई है और एक व्यक्ति उसे बचाने की कोशिश कर रहा है। पलक झपकते ही महिला का हाथ छूट जाता है।
हादसा बुधवार शाम का बताया जा रहा है। कुछ लोगों ने नौंवे फ्लोर पर एक महिला और एक पुरुष को झगड़ा करते हुए देखा। इसी बीच अचानक महिला नीचे की तरफ लटक जाती है। समझा जाता है कि महिला ने बालकनी से छलांग लगाने की कोशिश की, लेकिन उसका पति बालकनी से नीचे गिरने से पहले ही हाथ थाम लेता है। लेकिन वो उसे ज्यादा देर तक थाम नहीं पाता। वो समय रहते ही शोर मचा देता है जिससे सोसायटी के लोग नीचे गद्दे बिछा देते हैं।