Delhi Baby Care Centre Fire Accident: शाहदरा के विवेक विहार स्थित न्यू बोर्न बेबी केयर अस्पताल में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई। इस घटना में सात नवजात बच्चों की मौत हो गई। पांच बच्चों का इलाज दूसरे अस्पताल में चल रहा है। आग लगने की घटना होने के बाद लोगों ने दीवार फांदकर इमारत के पीछे की तरफ से चढ़ गए और नवजात बच्चों को बचाया।
हादसे के वक्त मौजूद लोगों ने बताया कि स्थानीय लोग और शहीद सेवा दल के सदस्य सबसे पहले मदद करने के लिए भागे। लोगों के एक ग्रुप ने पीछे की तरफ से इमारत पर चढ़कर नवजात बच्चों की जान बचाई। शहीद सेवा दल इस क्षेत्र में काम करता है। रवि गुप्ता ने शख्स ने बताया कि स्थानीय लोग जलते हुए अस्पताल में सबसे पहले घुसे थे। इसके बाद जल्द से जल्द नवजात बच्चों को बाहर निकाला। जल्द ही फायर ब्रिगेड के अधिकारी और पुलिस भी उनके साथ आ गई। सेवा दल के एक सदस्य ने आरोप लगाया कि इमारत में आग लगने के तुरंत बाद अस्पताल के कर्मचारी भाग गए। एक अन्य व्यक्ति मुकेश बंसल ने आरोप लगाया कि इमारत में अवैध रूप से ऑक्सीजन रिफिलिंग सिलेंडर का काम चल रहा था।
पार्षद ने नहीं लिया एक्शन
मुकेश बंसल ने आरोप लगाया कि हमने स्थानीय पार्षद से भी इसकी शिकायत की थी। लेकिन कुछ नहीं हुआ। यह सब पुलिस की नाक के नीचे हो रहा था। उन्होंने कहा कि वह अस्पताल के बराबर में ही रहते हैं। लेकिन ऑक्सीजन सिलेंडर रिफिलिंग की वजह से वे अगली गली में चले गए। दिल्ली फायर ब्रिगेड के अधिकारी ने कहा कि आग शनिवार की रात करीब 11.30 बजे लगी और जल्द ही दो अन्य इमारतों में आग फैल गई।
अधिकारी ने आगे कहा कि आग पर काबू पाने के लिए 16 गाड़ियां मौके पर पहुंची। उन्होंने आगे बताया कि दो मंजिल इमारत में रखे ऑक्सीजन सिलेंडर फट गए। इससे आसपास की इमारत भी तबाह हो गई। इसके अलावा बिल्डिंग के बाहर एक एंबुलेंस और एक स्कूटी में भी आग लग गई।
राष्ट्रपति- पीएम ने जताया दुख
बच्चों की मौत पर शोक जताते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक संतप्त माता-पिता को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। वहीं, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों को छोड़ा नहीं जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दिल्ली के अस्पताल में आग लगने की घटना दिल दहला देने वाली है। उन्होंने कहा कि इस बेहद मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।