उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और मुंबई क्राइम ब्रांच की एक संयुक्त टीम ने बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के शूटर शिव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई पुलिस के मुताबिक उसके साथ उत्तर प्रदेश से तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है और उन्हें मुंबई ले जाया जा रहा है। जानकारी यह है कि शूटर शिवकुमार को यूपी एसटीएफ और मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक संयुक्त अभियान के तहत गिरफ्तार किया है। वह बहराइच के नानपारा में था और उसकी नेपाल भागने की योजना थी।
उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने कहा कि शूटर को नेपाल भागने में मदद करने वाले तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
कौन-कौन किया गया गिरफ्तार?
जानकारी के मुताबिक शूटर शिवकुमार नेपाल भागने के प्रयास में था लेकिन यूपी एसटीएफ और मुंबई क्राइम ब्रांच ने उसके इरादे नाकाम कर दिए। एनडीटीवी की खबर के मुताबिक उसका सहयोग करने वाले अनुराग कश्यप, आकाश श्रीवास्तव और अखिलेश को भी गिरफ्तार किया है। अब तक इस मामले में 19 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शिवकुमार से पहले शूटर धर्मराज और गुरमेल को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। इससे पहले इस मामले में 6 नवंबर को महाराष्ट्र के पुणे से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के शूटर्स को दी गई थी सुपारी; मुंबई पुलिस का दावा
बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर को उनके बेटे विधायक जीशान सिद्दीकी के बांद्रा ईस्ट स्थित कार्यालय भवन के बाहर तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उनके सीने पर दो गोलियां लगीं और उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से 4 ने खुलासा किया है कि इन चार आरोपियों को 25 लाख रुपये, एक कार, एक फ्लैट और दुबई की यात्रा का वादा किया गया था।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि रामफूलचंद कनौजिया (43), जिसे अक्टूबर में गिरफ्तार किया गया था। वहीं गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों- रूपेश मोहोल (22), शिवम कोहाड़ (20), करण साल्वे (19) और गौरव अपुने (23) में से प्रत्येक को दुबई की यात्रा, 25 लाख रुपये नकद, एक कार और एक फ्लैट देने का वादा किया था। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि कनौजिया को एक वांछित आरोपी जीशान अख्तर (23) से पैसे मिलने थे।