साउथ सेंट्रल रेलवे ने महाराष्ट्र के औरंगाबाद रेलवे स्टेशन का नाम बदले जाने को अनुमति मिलने की जानकारी दी है। अब औरंगाबाद रेलवे स्टेशन छत्रपति संभाजीनगर रेलवे स्टेशन के नाम से पहचाना जाएगा।
सेंट्रल रेलवे ने अपनी प्रेस रिलीज में बताया कि छत्रपति संभाजीनगर रेलवे स्टेशन का नया स्टेशन कोड CPSN होगा।
आपको बता दें कि महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति सरकार ने 15 अक्टूबर को औरंगाबाद रेलवे स्टेशन का नाम बदलने के लिए एक राजपत्र अधिसूचना जारी की थी।
तीन साल पहले शिंदे सरकार में बदला गया था संभाजीनगर का नाम
यह कदम एकनाथ शिंदे की तत्कालीन सरकार द्वारा औरंगाबाद शहर का नाम आधिकारिक तौर पर छत्रपति संभाजीनगर रखे जाने के तीन साल बाद उठाया गया है। महाराष्ट्र में औरंगाबाद रेलवे स्टेशन का उद्घाटन 1900 में हैदराबाद के 7वें निजाम मीर उस्मान अली खान के शासनकाल के दौरान हुआ था।
औरंगाबाद की स्थापना 1610 में अहमदनगर के निजामशाही वंश के सिद्दी जनरल मलिक अंबर ने की थी। उस समय इस शहर का नाम खिड़की या खड़की था और 1626 में मलिक अंबर की मृत्यु के बाद उनके पुत्र फतेह खान ने इसका नाम बदलकर फतेहपुर कर दिया। साल 1653 में, मुगल बादशाह औरंगजेब ने ‘दक्कन’ पर आक्रमण किया और इस शहर में अपनी राजधानी स्थापित की और इसका नाम बदलकर औरंगाबाद कर दिया। तब से इस शहर का नाम औरंगजेब से जुड़ा हुआ था।
यह भी पढ़ें: ‘बेंगलुरु’ नाम कैसे पड़ा? जानिए इस शहर के नाम की दिलचस्प कहानी
