भारत-पाकिस्तान के बीच सीमा पर करीब डेढ़ महीने से तनाव है। 18 सितंबर को जब जम्मू-कश्मीर के उरी स्थित आर्मी कैंप पर आतंकियों ने हमला किया, तो भारत स्तब्ध रह गया। हमले में 18 जवान मौके पर दो जवान इलाज के दौरान शहीद हुए। इसके बाद दबाव बढ़ने पर भारतीय सेना ने 28-29 सितंबर की रात को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी संगठनों के लॉन्च पैड्स पर सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया। डायरेक्टर जनरल आफ मिलिट्री ऑपरेशंस ने 29 सितंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सर्जिकल स्ट्राइक का ख्ुालासा किया। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि सेना की इस कार्रवाई में कितने आतंकी या पाकिस्तानी जवान मारे गए। मीडिया रिपोर्ट्स में 38-40 आतंकियों के मारे जाने की चर्चा रही। बीबीसी ने एक पाकिस्तानी फौजी के हवाले से दावा किया कि भारत के हमले में पाकिस्तानी सेना का एक जवान मारा गया था। हालांकि पाकिस्तान ने आधिकारिक रूप से यह बात नहीं मानी है। मगर सर्जिकल स्ट्राइक्स के बाद से सीमा पार से पाकिस्तानी फौजें लगातार संघर्षविराम का उल्लंघन करती रही हैं। तब से 40 से ज्यादा बार पाकिस्तान की तरफ से फायरिंग की गई है, जिसमें सात भारतीय जवान शहीद हुए। इन फायरिंग्स में करीब डेढ़ दर्जन नागरिक भी घायल हुए हैं। भारत ने संघर्षविराम के उल्लंघन को लेकर पाकिस्तानी उच्चायुक्त अब्दुल बासित को गुरुवार को तलब किया और स्पष्ट शब्दों में सीमापार से ऐसी हरकतें रोकने को कहा है।
पाकिस्तान ने फिर तोड़ा सीजफायर, देखें वीडियो:
पांच दिन में पांच जवान शहीद:
27 अक्टूबर: गुरुवार सुबह कश्मीर के आएस पुरा और अरनिया सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से संघर्षविराम उल्लंघन में बीएसएफ का एक कांस्टेबल शहीद हो गया। उसकी पहचान बिहार के जीतेंद्र कुमार के रूप में हुई है। इस हमले में कम से कम 6 नागरिक भी घायल हुए हैं। गुरुवार शाम को आतंकियों को भारतीय सीमा में घुसपैठ करने से रोकते हुए भी भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया।
25 अक्टूबर: आरएस पुरा से लेकर अखनूर सेक्टर तक पाकिस्तान की गोलीबारी में बीएसएफ का एक हेड कांस्टेबल शहीद हुआ। हमले में 6 साल का एक बच्चा भी मारा गया। दो बीएसएफ जवानों और आधा दर्जन से ज्यादा महिलाएं-बच्चे घायल हो गए।
24 अक्टूबर: आरएसपुरा सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी में एक बीएसएफ शहीद हुआ, जबकि एक घायल हुआ।
23 अक्टूबर: शनिवार (22 अक्टूबर) की गोलीबारी में घायल हुए बीएसएफ जवान गुरुनाम सिंह शहीद हुए। उनका सरकारी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था।
18 अक्टूबर: बालाकोट और नौशेरा में पाकिस्तानियों की तरफ से फायरिंग में सेना का जवान शहीद हो गया। सूत्रों के मुताबिक, उसे स्नाइपर शॉट के जरिए मारा गया। जवान की पहचान सुदेश कुमार के रूप में हुई, वह बालाकोट के तरकुंडी एरिया में तैनात था।
3 अक्टूबर: आतंकियों ने बारामूला में 46 राष्ट्रीय रायफल्स के कैंप पर हमला किया, जिसमें एक बीएसएफ जवान शहीद हो गया, जबकि एक अन्य घायल हो गया।
इसके अलावा, पाकिस्तान की तरफ से अब तक 40 से ज्यादा बार सीजफायर का उल्लंघन किया गया है। सेना ने किसी भी फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब देने की छूट जवानों को दे रखी है।