असम में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने एक सदस्य को इसलिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया  क्योंकि उसका नाम पार्टी की एक महिला नेता की कथित आत्महत्या मामले में शामिल था। शुक्रवार को असम राज्य भाजपा किसान मोर्चा की एक महिला नेता ने गुवाहाटी शहर में अपने आवास पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक महिला नेता ने यह कदम तब उठाया जब उनकी पार्टी के एक अन्य नेता के साथ अंतरंग तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है। महिला नेता की पहचान गोलाघाट जिले के किसान मोर्चा सचिव 44 वर्षीय इंद्राणी तहसीलदार के रूप में की गई है। वह पिछले कुछ सालों से गुवाहाटी में रह रही थीं और पार्टी की सक्रिय सदस्य थीं।

प्रदेश भाजपा ने जारी किया बयान 

जानकारी के मुताबिक असम प्रदेश बीजेपी ने शनिवार को एक आदेश जारी कर उस नेता को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया, जो तस्वीरों में महिला नेता के साथ नजर आ रहे थे। दरअसल मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर महिला नेता की आपत्तीजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की जानी लगीं। इसके बाद महिला नेता ने गुवाहाटी शहर में अपने आवास पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।

पुलिस ने क्या कहा है?

पुलिस ने कहा कि उन्हें शुक्रवार शाम को गुवाहाटी के बामुनीमैदान इलाके से फोन आया और उन्होंने मौके से बेहोश शव बरामद किया। महिला नेता के शरीर पर बाहरी चोटों के कोई निशान नहीं थे। पुलिस ने कहा, “उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।”

पुलिस ने कहा कि महिला नेता का शव शुक्रवार रात पोस्टमार्टम प्रक्रिया के लिए गुवाहटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (जीएमसीएच) भेजा गया और आगे की जांच जारी है।

गुवाहाटी के चांदमारी पुलिस थाने के अधिकारियों ने बताया कि घटना शुक्रवार शाम करीब 5:40 बजे हुई।

उन्होंने कहा कि महिला के परिवार के सदस्यों ने दावा किया है कि उसकी मौत आत्महत्या से हुई है, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही की जा सकती है। पुलिस ने कहा, “ऐसा संदेह है कि महिला ने जहरीला पदार्थ खाया और इससे ही उसकी मौत हुई है।”