कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को असम के गुवाहटी शहर के अंदर एंट्री नहीं मिली है। पुलिस ने बैरीकेड लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक दिया है। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की भी खबरे हैं। असम के मुख्यमंत्री  हिमंता बिस्वा सरमा ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर एफ़आईआर दर्ज की जाएगी।

असम सीएम ने लिखा है,”ये असमिया संस्कृति का हिस्सा नहीं हैं, हम एक शांतिपूर्ण राज्य हैं, ऐसी “नक्सली रणनीति” हमारी संस्कृति से पूरी तरह अलग हैं। मैंने डीजीपी असम पुलिस को निर्देश दिया है कि राहुल गांधी के खिलाफ भीड़ को भड़काने का मामला दर्ज किया जाए और उनके सोशल मीडिया हैंडल्स पर मौजूद फूटेज को सबूत के तौर पर इस्तेमाल किया जाए। कांग्रेस के आपके अनियंत्रित व्यवहार और सहमत दिशानिर्देशों के उल्लंघन के परिणामस्वरूप अब गुवाहाटी में बड़े पैमाने पर ट्रैफिक जाम हो गया है।”

क्या है पूरा मामला?

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा असम के शहर गुवाहाटी पहुंची है और कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के बीच से यात्रा निकालने की मांग कर रहे हैं। सांसद राहुल गांधी ने इस दौरान एक भाषण में कहा है कि बजरंग दल की रैली से लेकर जेपी नड्डा की रैली तक इस रास्ते से निकल चुकी है तो सिर्फ कांग्रेस को क्यों रोका जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच यात्रा को गुवाहाटी शहर में जाने से रोकने के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन गई है। राहुल गांधी ने कहा है कि उन्हें छात्रों से बात करने से रोका जा रहा है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बैरिकेड लगा कर रोके जाने पर कहा,”आज असम में जिस रास्ते से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ निकलनी है। इसी रास्ते से बजरंग दल और जेपी नड्डा की रैली निकली लेकिन हमारी पदयात्रा को रोक दिया गया है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रास्ते पर लगे बैरिकेड हटा दिए हैं। इसलिए ये मत सोचिए कि कांग्रेस का कार्यकर्ता कमजोर है। कांग्रेस का कार्यकर्ता बब्बर शेर है।” अब इस मामले को लेकर असम सीएम का बयान है जिसमें वह राहुल गांधी पर एफ़आईआर दर्ज कराने तक की बात कर रहे हैं।