बुधवार को गुवाहाटी के दौरे पर पहुंचे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर निशाना साधते हुए उन पर खुद को राजा समझने का आरोप लगाया था। कांग्रेस नेता ने चायगांव में एक पार्टी कार्यक्रम में कहा था कि वह खुद को ‘राजा’ समझते हैं लेकिन वे ज़्यादा समय तक सत्ता में नहीं रहेंगे। वे जेल में पहुंच जाएंगे। राहुल के इस बयान पर पलटवार करते हुए आज असम के सीएम ने कहा कि क्या गारंटी है कि ऐसा होने से पहले, कांग्रेस नेता सलाखों के पीछे नहीं होंगे।

पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना में असम के मुख्यमंत्री ने कहा, “भारत में कई जेलें गांधी परिवार का इंतज़ार कर रही हैं। अगर राहुल गांधी मुझे जेल के अंदर से गिरफ्तार कर सकते हैं, तो मुझे नहीं पता। वह सिर्फ एक सांसद हैं। वह एक मुख्यमंत्री को कैसे गिरफ्तार कर सकते हैं? कांग्रेस पार्टी यहां केवल एक एजेंडे पर चुनाव लड़ेगी, कि हिमंत बिस्वा सरमा को सलाखों के पीछे डाला जाएगा। ऐसी पार्टी को कौन वोट देगा जिसका घोषणापत्र केवल एक पंक्ति का होगा?”

क्या गारंटी है कि राहुल गांधी मुझसे पहले जेल नहीं जाएंगे- हिमंता बिस्वा

भाजपा नेता ने गुरुवार को कहा कि क्या गारंटी है कि ऐसा होने से पहले, कांग्रेस नेता सलाखों के पीछे नहीं होंगे। हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि एक राष्ट्रीय नेता को इस तरह की टिप्पणी करना शोभा नहीं देता। कांग्रेस नेता पर पलटवार करते हुए सीएम ने कहा, ‘‘क्या गारंटी है कि राहुल गांधी मुझसे पहले जेल नहीं जाएंगे?’’

पढ़ें- राहुल गांधी ने असम CM पर साधा निशाना

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘किसी राज्य में आकर यह कहना कि वह किसे जेल भेजेंगे या किसे नहीं, एक राष्ट्रीय नेता को शोभा नहीं देता… यह साबित करता है कि मैं कितना महत्वपूर्ण हूं।’’ चायगांव बैठक के संबंध में हिमंता बिस्वा सरमा ने दावा किया था कि गांधी ने राज्य के शीर्ष पार्टी नेताओं के साथ बंद कमरे में हुई बैठक में कहा था कि मुख्यमंत्री को जेल भेजा जाएगा।

कांग्रेस नेता खुद देश भर में दर्ज कई आपराधिक मामलों में जमानत पर हैं- हिमंता

इससे पहले मुख्यमंत्री ने बुधवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘लिखकर ले लीजिए, हिमंता बिस्वा सरमा को निश्चित रूप से जेल भेजा जाएगा’, विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने असम में कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति की बंद कमरे में हुई बैठक के दौरान बिल्कुल यही शब्द कहे।’’ गांधी की टिप्पणी के सार्वजनिक होने से कुछ घंटे पहले ही हिमंता सरमा ने यह पोस्ट किया।

सीएम सरमा ने यह भी कहा कि कांग्रेस नेता सुविधाजनक रूप से भूल गए कि वह खुद देश भर में दर्ज कई आपराधिक मामलों में जमानत पर हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम असम के लोगों के लिए काम कर रहे हैं और जनता यह जानती है। भाषण देने से कुछ नहीं बदलेगा।’’

हिमंता खुद को राजा समझते हैं- राहुल गांधी

गांधी ने बुधवार को गुवाहाटी के पास चायगांव में पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक के दौरान दावा किया था कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार को उनके भ्रष्टाचार के लिए जवाबदेह ठहराया जाएगा एवं राज्य की जनता हिमन्ता को जेल में डाल देगी। राहुल ने कहा, “वह (हिमंता) खुद को ‘राजा’ समझते हैं लेकिन वे ज़्यादा समय तक सत्ता में नहीं रहेंगे। वे जेल में पहुंच जाएंगे। इसलिए नहीं कि कांग्रेस ऐसा चाहती है, बल्कि इसलिए कि असम की जनता उन्हें भ्रष्टाचार के लिए वहां भेजेगी।” पढ़ें- मीडिया वाले हमारे दोस्त नहीं- राहुल गांधी