आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांग्रेस ने मंगलवार (12 जुलाई, 2022) को गुजरात और हिमाचल प्रदेश के लिए बड़ी घोषणाएं की हैं। पार्टी ने गुजरात और हिमाचल प्रदेश में सीनियर ऑब्जर्वर नियुक्त किए हैं।
गुजरात में अशोक गहलोत को सौंपी जिम्मेदारी
गुजरात में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को कांग्रेस ने सीनियर ऑब्जर्वर बनाया है, जबकि टीएम देव और मिलिंद देवड़ा को ऑब्जर्वर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हिमाचल प्रदेश में भूपेश बघेल को बनाया गया सीनियर ऑब्जर्वर
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस का सीनियर ऑब्जर्वर बनाया गया, जबकि सचिन पायलट एवं प्रताप सिंह ऑब्जर्वर हैं।
इस साल होने हैं विधानसभा चुनाव
गौरतलब है कि इस साल गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दल तैयारियों में जुटे हैं। इस बीच कांग्रेस ने भी ये बड़े ऐलान करते हुए अपने दिग्गज नेताओं को बड़ी जिम्मेदारियां सौंप दी हैं।
गुजरात में बीते दो दशक से कांग्रेस सत्ता से बाहर है। पिछले दिनों हार्दिक पटेल के पार्टी छोड़ने के बाद कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। ऐसे में पार्टी पूरी तरह से तैयारियों में जुटी है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पहली बार वीरभद्र की गैर-मौजूदगी में चुनाव लड़ने जा रहा है। पार्टी ने उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह को अहम जिम्मेदारी दी है। वहीं, पंजाब में सत्ता पाने के बाद आम आदमी पार्टी पड़ोसी राज्य में जोर-शोर से चुनार प्रचार में जुटी है, जिसकी वजह से कांग्रेस की चिंताएं और बढ़ गई हैं।
बता दें कि इस साल की शुरुआत में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा और मणिपुर में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कुछ खास कमाल नहीं कर पाई। पंजाब में कांग्रेस के हाथ से सत्ता चली गई और आम आदमी पार्टी ने प्रचंड जीत के साथ अपनी सरकार बनाई। इसके अलावा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गोवा और मणिपुर में बीजेपी की सरकार बनी। कांग्रेस का प्रदर्शन सभी राज्यों में काफी खराब रहा। इसके बाद ये पहले विधानसभा चुनाव होंगे, जिनमें कांग्रेस का प्रदर्शन काफी मायने रखेगा।
