बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। उनके बेटे आर्यन खान को जमानत नहीं मिली है। कोर्ट ने इस मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया है और इस बात की संभावना जताई जा रही है कि 20 अक्टूबर को फैसला आ जाए।

आर्यन ने जेल के अंदर से वीडियो कॉल के जरिए अपने माता-पिता से बात की है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आर्यन को उसके पिता द्वारा भेजे गए मनी-आर्डर के माध्यम से 4500 रुपए भी मिले हैं।

वहीं आर्थर रोड जेल में बंद आर्यन खान को अब ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अभी तक तो आर्यन खान को क्वारंटीन सेल में रखा गया था, लेकिन अब उन्हें कॉमन सेल में ट्रांसफर कर दिया गया है, जहां उन्हें 20 अक्टूबर तक रहना होगा।

यानी आर्यन अब सामान्य कैदी की तरह मुंबई की आर्थर रोड जेल में रहेंगे। आर्यन की जमानत के खिलाफ ASG अनिल सिंह बहस कर रहे थे, वहीं आर्यन की तरफ से वकील अमित देसाई जिरह कर रहे थे।

बता दें कि आर्यन खान को ड्रग्स केस में गिरफ्तार किया गया है। उन्हें एक कैदी नंबर भी दिया गया है। मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद आर्यन का कैदी नंबर N-956 है।

इससे पहले एनसीबी की ओर से पेश हुए वकील ASG अनिल सिंह ने अदालत के सामने आर्यन खान की जमानत का जमकर विरोध किया था। अनिल सिंह ने महात्मा गांधी का हवाला देकर जमानत नहीं देने की मांग की थी।

अनिल सिंह ने कहा था कि यह महात्मा गांधी का देश है और इसलिए ड्रग्स पर रोक लगनी चाहिए। हम इस मामले के सभी पहलू पर अपनी नज़र बनाए हुए हैं। इस मामले में आगे कई और चीजें सामने आ सकती हैं। इसलिए इन्हें जमानत नहीं दिया जाना चाहिए।

बता दें कि आर्यन की गिरफ्तारी पर अब सियासत में भी हलचल हो रही है। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नवाब मलिक ने कहा है कि जो धारा लगाई गई हैं, वो ऐसे मामलों में लगाई नहीं जाती हैं। ये कोशिश की गई कि आरोपियों को ज्यादा से ज्यादा दिन जेल में रखा जाए।

वहीं बॉलीवुड से भी आर्यन खान के समर्थन में काफी आवाजें उठ रही हैं। हालही में राम गोपाल वर्मा ने NCB पर तंज कसते हुए ट्विटर पर पोस्ट किया था। इससे पहले रितिक रोशन ने भी आर्यन के समर्थन में पोस्ट लिखी थी और कहा था कि ये समय तुम्हें बहुत कुछ सिखाएगा।