अरविंदर सिंह लवली दिल्ली विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर होंगे। लवली गांधी नगर विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर विधायक चुने गए हैं। बताना होगा कि दिल्ली के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 27 साल बाद सत्ता में वापसी की है। 70 सीटों वाली दिल्ली की विधानसभा में बीजेपी को 48 सीटों पर जीत मिली है जबकि 22 सीटों पर आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की है।
सरकार में हुआ विभागों का बंटवारा
इससे पहले गुरुवार शाम को दिल्ली सरकार में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया गया। सीएम रेखा गुप्ता की कैबिनेट में प्रवेश वर्मा, कपिल मिश्रा, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र कुमार इंद्राज, आशीष सूद और पंकज कुमार सिंह शामिल है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को वित्त, राजस्व, महिला एवं बाल विकास विभाग मिला है। आशीष सूद गृह, बिजली, शिक्षा और शहरी विकास विभाग जबकि प्रवेश वर्मा को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
पंकज कुमार सिंह स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के साथ-साथ परिवहन विभाग भी देखेंगे। कपिल मिश्रा को कानून एवं न्याय मंत्री बनाया गया है, वे श्रम विभाग भी संभालेंगे। मनजिंदर सिंह सिरसा को वन एवं पर्यावरण विभाग के साथ खाद्य एवं आपूर्ति विभाग भी सौंपा गया है।
क्या करता है प्रोटेम स्पीकर?
राष्ट्रपति/राज्यपाल नवनिर्वाचित सदन की बैठकों की अध्यक्षता करने के लिए प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति करते हैं। आमतौर पर सदन के सबसे वरिष्ठ सदस्य को प्रोटेम स्पीकर बनाया जाता है।
प्रोटेम स्पीकर लोकसभा या विधानसभा की पहली बैठक की अध्यक्षता करता है तथा नवनिर्वाचित सांसदों या विधायकों को पद की शपथ दिलाता है। इसके अलावा वह विधानसभा के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव कार्यक्रम का भी संचालन करता है। नये अध्यक्ष के चुनाव के बाद प्रोटेम स्पीकर का पद समाप्त हो जाता है।
कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए थे लवली
अरविंदर सिंह लवली लंबे वक्त कांग्रेस में रहे और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे। वह लंबे वक्त तक दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे थे। उन्होंने छात्र राजनीति से पॉलिटिक्स में अपना करियर शुरू किया था और युवक कांग्रेस के साथ ही कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई में भी वह बड़े पदों पर रहे।
1998 में लवली पहली बार गांधी नगर विधानसभा सीट से विधायक बने। इसके बाद वह कई बार इस सीट से चुनाव जीते और शीला दीक्षित की सरकार में उन्होंने शहरी विकास, शिक्षा, परिवहन जैसे कई अहम मंत्रालयों को संभाला।
कहां रहेंगी दिल्ली की नई CM? ‘शीशमहल’ के अलावा रेखा गुप्ता के सामने ये हैं 3 विकल्प
2017 में अरविंद सिंह लवली बीजेपी में शामिल हो गए थे लेकिन कुछ वक्त बाद वह फिर कांग्रेस में चले गए थे। 2024 के लोकसभा चुनाव से कुछ दिन पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देकर लवली फिर से बीजेपी में आ गए। इस बार बीजेपी ने उन्हें गांधीनगर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया जहां से उन्होंने 12,748 वोटों से जीत दर्ज की है।
क्लिक कर जानिए कौन हैं कपिल मिश्रा जो बने दिल्ली के नए कानून मंत्री?