आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के राज्यपाल वीके सक्सेना से मिलकर अपना इस्तीफा सौंप दिया है। आज सुबह मंत्री आतिशी मार्लेना को आप विधायकों ने अपना नेता चुना था और अब जल्द ही वह दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। अरविंद केजरीवाल ने इस्तीफा सौंपने के बाद राज्यपाल हाउस के बाहर जमा मीडिया से बात नहीं की। दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने कहा कि अरविंद केजरीवाल अब जनता के बीच जाएंगे और अगले चुनाव में एक बार फिर चुनकर दिल्ली के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा राज्यपाल जल्द ही नए मुख्यमंत्री की शपथ के लिए तारीख दें। आतिशी मार्लेना ने भी राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है।

इस्तीफे के बाद AAP नेताओं ने क्या कहा?

आप नेता और मंत्री गोपाल राय ने कहा, “अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के एलजी को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।  सभी विधायकों ने मिलकर आतिशी को नया सीएम बनाने का फैसला किया है।”

आप नेता और दिल्ली आतिशी मार्लेना ने कहा, “आज अरविंद केजरीवाल ने अपना इस्तीफा सौंप दिया है। यह पार्टी और दिल्ली के लोगों के लिए एक भावुक पल है। साथ ही दिल्ली के लोग अरविंद केजरीवाल को फिर से मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प ले रहे हैं। जब तक चुनाव नहीं हो जाते, मैं दिल्ली की देखभाल करूंगी और हमारे पास सरकार बनाने का दावा है।”

‘यह मुख्यमंत्री पद का अपमान है’

बीजेपी नेता और सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि जो कुछ भी चल रहा है उससे देश का भला नहीं होने वाला है। मनोज तिवारी ने कहा, “इनका काम करने का मन नहीं है और जब केजरीवाल जेल में थे तब भी यह लोग अच्छा काम कर सकते थे लेकिन लेकिन नाहन किया।”

मनोज तिवारी ने आतिशी मार्लेना पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वह नक्सल विचारों की अनुयायी हैं। उन्होंने कहा कि आप नेता सौरभ भारद्वाज केजरीवाल की तुलना भगवान से कर रहे हैं, यह गलत है और एक भ्रष्टाचारी की तुलना भगवान से कैसे की जा सकती है।