दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर राजस्थान के बीकानेर जिले में दो व्यक्तियों ने स्याही फेंक दी। मंगलवार को हुई घटना में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के दो कार्यकर्ताओं के नाम सामने आ रहे हैं। केजरीवाल ने एलओसी पार कर आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक पर टिप्पणी की थी, बताया जाता है कि एबीवीपी कार्यकर्ता इसी बात से खफा थे। कोट गेट पुलिस थाने के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर बीरबल ने बताया, ”एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक के खिलाफ कल (मंगलवार) नारे लगाए और उनपर स्याही फेंकी।” घटना के बाद, दोनों एबीवीपी कार्यकर्ताओं, दिनेश ओझा और विक्रम सिंह को हिरासत में ले लिया गया है। केजरीवाल बीकानेर में ‘आप’ कार्यकर्ता हीरालाल सेवता की उनकी पत्नी की मृत्यु पर ढांढस बंधाने गए थे। स्याही फेंके जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए केजरीवाल ने हमलावरों को ‘शुभकामनाएं’ दी हैं। उन्होंने मंगलवार रात ट्वीट किया, ”हम्म… जिन लोगों ने मुझपर स्याही फेंकी, भगवान उनका भला करे। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।” केजरीवाल को इससे पहले जोधपुर से बीकानेर आते हुए नोखा कस्बे में दक्षिणपंथी संगठन द्वारा काले झंडे दिखाए गए थे।
देखिए, सर्जिकल स्ट्राइक पर अरविंद केजरीवाल ने क्या कहा था:
[jwplayer xD8AKXry-gkfBj45V]
अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मतभेदों को परे करते हुए सर्जिकल स्ट्राइक के मुद्दे पर उनकी जोरदार तारीफ की थी। केजरीवाल ने सीमापार मौजूद आतंकी ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक का आदेश देने का फैसला लेने को पीएम मोदी को सैल्यूट भी किया। लगभग तीन मिनट के इस वीडियो में केजरीवाल ने कहा कि भले ही उनके पीएम मोदी से कई मुद्दों पर मतभेद हो लेकिन इस मुद्दे पर उनके साथ हैं। केजरीवाल ने सर्जिकल स्ट्राइक को नकार रहे पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेनकाब करने की अपील भी की थी।
Hmmm… God bless those who threw ink at me. I wish them well.
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) October 4, 2016
वहीं कांग्रेस नेता संजय निरूपम ने भारतीय सेना की पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक की कार्रवाई को फर्जी बताया था। निरूपम ने ट्वीट किया था, ”प्रत्येक भारतीय पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक्स चाहता है लेकिन भाजपा द्वारा राजनीतिक फायदे के लिए फर्जी वाली नहीं। देश के हितों पर राजनीति।”

