दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन किए। अरविंद केजरीवाल के साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान भी राम मंदिर पहुंचे। रामलला के दर्शन के बाद दिल्ली के सीएम ने कहा कि उन्हें असीम शांति का अनुभव हुआ।
उन्होंने कहा, “आज मैं अपने परिवार के साथ, भगवंत मान साहब अपने परिवार के साथ अयोध्या जी में रामलला जी के दर्शन करने के लिए आए। मेरे साथ मेरी पत्नी, मेरे माता – पिता, मान साहब के साथ उनकी पत्नी, उनके माता जी… हम सबको रामलला के दर्शन प्राप्त करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।”
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा, “…अंदर रामलला जी के दर्शन करके असीम शांति का अनुभव किया, उसका वर्णन नहीं किया जा सकता। ये पूरे देश, समाज और विश्व के लिए सौभाग्य की बात है कि इतना भव्य और अच्छा सुंदर मंदिर बनकर तैयार हुआ है। हर रोज लाखों लोग दर्शन करने के लिए आ रहे हैं। उनकी आस्था देखकर दिल गदगद हो जाता है।”
केजरीवाल ने भगवान से क्या मांगा?
उन्होंने बताया, “मैंने भगवान से प्रार्थना की है सबकी सुख शांति के लिए, सबके स्वास्थ्य के लिए और भारत देश बहुत तरक्की करे।”
भगवंत मान ने क्या कहा?
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, “भारत कई धार्मिक आस्थाओं का देश है, हम सभी त्योहार एक साथ मनाते हैं। राम मंदिर में हमने देश में शांति और भाईचारे के लिए प्रार्थना की है।”
AAP नेताओं ने मंदिर में बिताया सवा घंटा
AAP के एक नेता ने बताया कि केजरीवाल व भगवंत मान दोपहर करीब दो बजे अयोध्या हवाई अड्डे पहुंचे। दोनों नेता ने करीब सवा घंटा राम मंदिर में बिताया। केजरीवाल और भगवंत मान VIP मार्ग से राम जन्मभूमि पहुंचे, जहां राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अन्य सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
रविवार को राम मंदिर पहुंचे यूपी विधानसभा के सदस्य
इसे पहले रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उनकी सरकार के मंत्रियों और विधानमंडल के दोनों सदनों के 325 से अधिक सदस्यों ने रविवार को मंदिर में दर्शन किए थे। सपा के सदस्य राम मंदिर दर्शन कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।