Governor Change News: आरिफ मोहम्मद खान बिहार के राज्यपाल बना दिए गए हैं। पूर्व आर्मी चीफ वीके सिंह को मिजोरम का राज्यपाल बनाया गया है। राष्ट्रपति ने जो आदेश जारी किया है, उसमें कई दूसरे राज्यों के राज्यपाल भी बदल दिए गए हैं। इस लिस्ट अजय भल्ला का नाम होना भी मायने रखता है।
जारी बयान में कहा गया है कि मिजोरम के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया। विजय कुमार सिंह को मिजोरम का राज्यपाल नियुक्त किया गया। बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को केरल का राज्यपाल नियुक्त किया गया। केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
आरिफ ने छात्र राजनीति से की थी शुरुआत
आरिफ मोहम्मद खान ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत एक छात्र नेता के रूप में की थी। 1970 के दशक की शुरुआत में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष और महासचिव रहे खाने के बारे में ऐसा कहा जाता है कि उन्होंने इस्लामी मौलवियों को विश्वविद्यालय में आमंत्रित करने से इनकार कर दिया था। 26 वर्ष की उम्र में वह उत्तर प्रदेश के सियाना से जनता पार्टी के टिकट पर विधायक बने थे।
खान को जनता पार्टी सरकार में उत्पाद शुल्क, निषेध और वक्फ का प्रभारी उप मंत्री बनाया गया था। लेकिन शिया और सुन्नियों के बीच लखनऊ में दंगा होने के कुछ माह बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया। बाद में वह कांग्रेस के इंदिरा गुट में शामिल हो गए। 1980 में एआईसीसी का संयुक्त सचिव रहते हुए खान पहली बार संसद पहुंचे। जल्द ही उन्हें सूचना और प्रसारण के प्रभारी उप मंत्री के रूप में इंदिरा गांधी मंत्रिमंडल में जगह मिली।