कन्नड़ अभिनेता प्रकाश राज के ट्विटर हैंडल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने एक पत्र भेजकर उन्हें, निजागुनांडा स्वामी, कम्युनिस्ट नेता वृंदा करात, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारास्वामी समेत कई अन्य लोगों को कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी है। धमकी देने वाले ने शनिवार (25 जनवरी) को कन्नड़ भाषा में लिखे पत्र में ‘संघ परिवार’ का विरोध करने वालों को अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है।
लिखा शुभ समय पर दिया जाएगा अंजाम: रविवार को अभिनेता प्रकाश राज ने इसकी जानकारी दी। पत्र चर्चित सांप्रदायिक विरोधी तथा आरएसएस और उसके सहयोगियों के खिलाफ मुखर निजागुनांडा स्वामी जी को संबोधित करते हुए लिखा गया है। अज्ञात पत्र में धमकी दी गई है कि जिन लोगों के नाम पत्र में हैं, उन्हें 29 जनवरी के बाद खत्म करने के लिए एक शुभ समय पर ‘निश्चित रूप से मार’ दिया जाएगा। पत्र में कहा गया है कि “देशद्रोहियों” को खत्म करने का शुभ समय 29 जनवरी के बाद तय किया गया है।
A coward groups letter threatening that they will eliminate NIJAGUNANANDA SWAMY.. my name in the list too .. chalo #HumDekhenge ..#IndiaAgainstCAA_NRC #JustAsking pic.twitter.com/WOKbANls0q
— Prakash Raj (@prakashraaj) January 25, 2020
सूची में कई बड़े लोगों के नाम शामिल: सूची में अन्य लोगों में बजरंग दल के पूर्व नेता महेंद्र कुमार, निजागुनांदा आसुरी स्वामी, निदुमामिदी वीरभद्र चेननामल्ला स्वामी (आसुरी), प्रकाश राज (अभिनेता), ज्ञानप्रकाश आसूरी स्वामी, चेतन कुमार (अभिनेता), बीटी ललिता नाइक, प्रो. महेशचंद्र गुरू और प्रो. भगवान (दोनों मैसूर से), दिनेश अमीन मट्टू, चंद्रशेखर पाटिल, डंडी गणेश, राउडी अग्नि श्रीधर, वृंदा करात और एचडी कुमारस्वामी (पूर्व सीएम) आदि शामिल हैं।
अभी तक किसी ने प्रतिक्रिया नहीं दी: पत्र में अज्ञात व्यक्ति ने चेतावनी दी है कि, “अपनी अंतिम यात्रा के लिए तैयार रहें। आप अकेले नहीं हैं। आपको उन्हें (सूची में शामिल अन्य लोगों को) भी उनकी अंतिम यात्रा के लिए तैयार करना होगा। हम निश्चित रूप से आप सभी को समाप्त कर देंगे।” अभी तक प्रकाश राज को छोड़कर सूची में शामिल अन्य लोगों ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।