Anmol Gagan Mann Resigns: पंजाब से बड़ी खबर सामने आ रही है, आप विधायक अनमोल गगन मान ने इस्तीफा दे दिया है। उनकी तरफ से राजनीति भी छोड़ दी गई है। अनमोल गगन मान पंजाब की मशहूर गायिका हैं और उनके गानों पर ना सिर्फ पंजाब बल्कि दुनियाभर में रहने वाले पंजाबी समुदाय के लोग थिरकते रहते हैं। पंजाब के 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले गगन मान ने राजनीति में आने का फैसला किया था, अरविंद केजरीवाल ने ही उन्हें आप ज्वाइन करवाई थी।
कौन हैं अनमोल गगन मान?
अनमोल गगन मान ने खरड़ सीट से चुनाव लड़ा था और उन्हें एक अप्रत्याशित जीत मिली थी। उनकी लोकप्रियता को देखते ही उन्हें पहली बार में ही पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री बना दिया गया था। अपने बयानों की वजह से भी अनमोन गगन मान चर्चा में रहीं। लेकिन अब सभी को चौकाते हुए उन्होंने राजनीति छोड़ने का ही फैसला कर दिया है।
खुद अनमोल गगन मान ने अपने इस बड़े फैसले को लेकर विस्तार से बताया है। पंजाबी में उन्होंने एक्स पर लिखा कि मेरा दिल भारी है, लेकिन मैंने राजनीति छोड़ने का फैसला कर लिया है। विधायक पद से स्पीकर को दिया गया मेरा इस्तीफा स्वीकार किया जाए। मेरी शुभकामनाएँ पार्टी के साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि पंजाब सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेगी।
जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले पंजाब की राजनीति में आम आदमी पार्टी को पहले भी बड़ा झटका लगा था। कुलदीप सिंह धालीवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले मान सरकार ने भी उनसे उनका विभाग छीन लिया था। उस इस्तीफे के बाद कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा था कि वे किसी दूसरी पार्टी में नहीं जाने वाले हैं और एक वफादार सिपाही रहने वाले हैं।
वैसे दिल्ली चुनाव में मिली अप्रत्याशित हार के बाद पंजाब इकलौता राज्य है जहां पर आम आदमी पार्टी की सरकार है। लेकिन कुछ अधूरे वादे, बढ़ता भ्रष्टाचार और ड्रग्स समस्या की वजह से सीएम मान की चुनौतियां काफी ज्यादा बढ़ चुकी हैं। इस बीच अब लगातार हो रहे इस्तीफों की वजह से भी मुश्किल बढ़ चुकी है। दावा जरूर हो रहा है कि सबकुछ सही चल रहा है, लेकिन अंदरूनी लड़ाई की खबरें आती रहती हैं।
कांग्रेस, बीजेपी ने बढ़ाई सक्रियता
पंजाब में कांग्रेस एक बार फिर सत्ता हासिल करने के लिए पूरी ताकत लगा रही है तो बीजेपी भी पंजाब में अपनी मौजूदगी को बढ़ाना चाहती है। इसके अलावा शिरोमणि अकाली दल सहित अन्य राजनीतिक दल भी चुनावी तैयारी में जुटे हुए हैं। ऐसे में 2 कैबिनेट मंत्रियों के एक के बाद एक इस्तीफे को लेकर पंजाब की राजनीति में तमाम तरह की चर्चाएं चल रही हैं।