Ananth Kumar News Updates: केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता अनंत कुमार सोमवार (12 नवंबर) तड़के नहीं रहे। उनके स्वर्ग सिधारने की खबर से न केवल बीजेपी व कर्नाटक हैरान था, बल्कि पूरा देश दुख, सदमे और शोक में नजर आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद व अन्य शीर्ष नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी, जबकि मंगलवार (13 नवंबर) को कर्नाटक के बेंगलुरू शहर में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। कार्यक्रम में पीएम से लेकर कई दिग्गज नेताओं के पहुंचने की संभावना है।
बीजेपी के ‘ट्रबल शूटर’ कहे जाने वाले कुमार के सम्मान सोमवार को देश भर में केंद्र सरकार ने सभी सरकारी दफ्तरों व संस्थाओं पर तिरंगा आधा झुकाने का आदेश जारी किया। वहीं, कर्नाटक में उनके सम्मान में तीन दिवसीय शोक की घोषणा के साथ सोमवार को छुट्टी का ऐलान किया गया। कुमार, मोदी सरकार में संसदीय मामलों का काम-काज देखते थे। नीचे अपडेट्स में जानिए कि उनके गुजरने पर राजनीतिक दिग्गजों ने और क्या कहा।

Highlights
अनंत कुमार के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए पीएम मोदी सोमवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की एक विशेष बैठक बुला सकते हैं। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री के निधन पर शोक प्रकट करने और उनके योगदान की प्रशंसा करने के लिए एक प्रस्ताव पारित किया जा सकता है। स्थापित परंपरा के अनुसार, मंत्रियों एवं वरिष्ठ नेताओं की याद में कैबिनेट प्रस्ताव पारित करता है। केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे और अनिल माधव दवे के निधन पर भी इसी तरह के प्रस्ताव पारित किए गए थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी के कई बड़े नेता कल बेंगलुरू पहुंचेंगे। इससे पहले, कुमार के निधन को लेकर कर्नाटक में तीन दिवसीय शोक की घोषणा हुई, जबकि आज (सोमवार) छुट्टी का ऐलान किया गया।
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के निधन पर सोमवार (12 नवंबर) को पूरे देश में शोक की लहर रही। केंद्र सरकार ने उनके देहांत को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया। गृह मंत्रालय की ओर से ऐलान किया गया कि देशभर में सोमवार को सभी सरकारी दफ्तरों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा आधा झुका रहेगा, जबकि कल (13 नवंबर को) बेंगलुरू में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के मुख्यालय पर अनंत कुमार के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह। (फोटोः ANI)
मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी से लेकर गृह मंत्री राजनाथ सिंह सरीखे दिग्गज नेता सोमवार (12 नवंबर) तड़के केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के निधन पर हैरान हैं। राहुल ने कहा है कि उन्हें कुमार के देहांत के बारे में सुनकर बड़ा बुरा लगा। उनकी संवेदना केंद्रीय मंत्री के परिजन के साथ है, जबकि राजनाथ बोले, "मैं वरिष्ठ साथी और दोस्त के गुजरने से बेहद हैरान और दुखी हूं। जनसेवा के प्रति उनका जुनून कमाल का था। मेरी संवेदना उनके परिवार के साथ है।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है, "मैं अनंत कुमार के निधन से बेहद हैरान हूं। यह न केवल सरकार, बल्कि पूरी पार्टी के लिए बड़ी क्षति है। उन्हें एक अच्छे प्रशासक व जन नेता के रूप में याद किया जाएगा। मैं यूपी सरकार की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।"
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा है- अनंत कुमार जी का निधन देश के लिए बड़ा नुकसान है। वह मेरे अच्छे दोस्त और हम सबके मार्गदर्शक थे। कर्नाटक में बीते दिनों हुए चुनावों में उन्होंने जमकर काम किया और अब अचानक से उनके चले जाने से हम हैरान हैं। हम सब उनके अंतिम संस्कार के लिए बेंगलुरू पहुंचेंगे।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि अनंत जी ऐसे प्रशासक थे, जिन्हें आगे भी याद किया जाएगा। उन्होंने कई मंत्रालयों का काम-काज संभाला। उनके निधन से बीजेपी सदमे में हैं। भारतीय राजनीति में यह अपूरणीय क्षति है। भगवान उनके परिवार और समर्थकों को इससे निपटने के लिए शक्ति दे।
सदानंद गौड़ा ने भी उनके निधन पर आश्चर्य जताया। कहा, "मुझे यकीन नहीं हो रहा कि मेरा दोस्त व भाई अनंत कुमार अब इस दुनिया में नहीं है।" इससे पहले, पीएम नरेंद्र मोदी ने उनके देहांत पर खेद प्रकट करते हुए एक ट्वीट किया। लिखा, "मैं अपने साथी और दोस्त के जाने से बेहद दुखी हूं। वह ऐसे नेता था, जो बेहद कम उम्र में आकर पूरे जुनून के साथ लोगों की सेवा करने लगे थे। उन्हें उनके अच्छे कामों के लिए हमेशा याद किया जाएगा।"
कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा है कि उन्होंने एक अच्छा दोस्त खो दिया। अनंत कुमार के निधन पर सीएम बोले कि वह मूल्य आधारित राजनीति करते थे, जिसके जरिए उन्होंने देश को अपना अहम योगदान दिया। उनकी आत्मा को शांति मिले। साथ ही भगवान उनके परिवार और समर्थकों को इस क्षति से लड़ने की ताकत दे।
केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का सोमवार (12 नवंबर) रात करीब डेढ़ बजे निधन हुआ। वह 59 साल के थे। बेंगलुरू स्थित शंकर हॉस्पिटल में उनका कैंसर का इलाज चल रहा था। मीडिया रिपोर्ट्स में डॉक्टरों के हवाले से बताया गया कि उनके शरीर में उस दौरान कई दिक्कतें व संक्रमण थे। बीते कुछ दिनों से उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। कुमार, नरेंद्र मोदी सरकार में संसदीय मामलों का काम-काज संभालते थे और कर्नाटक विधानसभा चुनाव के पहले से वह कैंसर से पीड़ित थे।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा है, "केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के गुजरने की खबर सुनकर दुखी हूं। उनका जाना देश के लिए बड़ी क्षति है। खासकर कर्नाटक के लोगों के लिए। उनके परिवार और रिश्तेदारों के साथ मेरी गहरी संवेदना है।"
छह बार सांसद रह चुके कुमार बीते कई महीनों से बीमार थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्रिटेन के लंदन और अमेरिका के न्यू यॉर्क में उनका इलाज भी चल रहा था। उनके परिवार में पत्नी तेजस्विनी और दो बेटियां (ऐश्वर्या और विजेता) हैं।
खबर लिखे जाने तक हेगड़े का पार्थिव शरीर उनके लालबाग रोड स्थित आवास सुमेरा ले जाया जा रहा था, जहां उनके परिजन, रिश्तेदार व नजदीकी सुबह आठ बजे तक उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देंगे। बाद में उनका पार्थिव शरीर वहां से नेशनल कॉलेज ग्राउंड ले जाया जाएगा।