महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के बीच कांग्रेस में बगावत चरम पर है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर ने पार्टी से ही इस्तीपा दे दिया। वहीं, कांग्रेस से जुड़े नेताओं का पार्टी छोड़ने का सिलसिला जारी है। लेकिन, इस बीच खबर है कि इन सब चुनौतियों के बीच राहुल गांधी बैंकॉक चले गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शनिवार को कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी विस्तारा एयरलाइन की फ्लाइट से बैंकॉक के लिए रवाना हो गए। हालांकि, यह साफ नहीं हो पाया है कि वह बैंकॉक किस वजह से गए हैं। चुनावी मजधार के बीच राहुल गांधी का यूं देश से बाहर चले जाने पर सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्हें चुनाव के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है।
राहुल गांधी के जैसे ही बैंकॉक जाने की खबर बाहर आई, तुरंत ट्विटर पर बैंकॉक ट्रेंड करने लगा। इस पर बीजेपी के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने फौरन तंज कसा और ट्वीट किया, “क्या आप भी हैरान हैं कि बैंकॉक क्यों ट्रेंड कर रहा है…।” फिलहाल, कांग्रेस की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र और हरियाणा में 21 अक्टूबर को मतदान है और 24 तारीख को नतीजों का ऐलान होगा।
दोनों राज्यों में विधानसभा चुनाव की लड़ाई के दम बीच में है। लेकिन, इस दौरान कांग्रेस में बगावत और नेताओं की नाराजगी एक बार फिर पार्टी को मुश्किल में डाल सकती है। एक तरफ जहां हरियणा में पू्र्व पीसीसी अध्यक्ष अशोक तंवर ने इस्तीफा दे दिया और भूपेंद्र सिंह हुड्डा के अलावा समूचे कांग्रेस की कार्यशैली को ही कटघरे में खड़ा कर दिया, तो वहीं मुंबई के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम ने पार्टी में लोकतंत्र की कमी का आरोप लगाकार प्रचार से किनारा कर लिया। हरियाणा में अशोक तंवर ने तो टिकट बिक्री के आरोप लगाए और राहुल गांधी के करीबियों को किनारे लगाने की बात कही।
इससे पहले भी राहुल गांधी 2015 में बैंकॉक जा चुके हैं और उस दौरान भी उनकी यात्रा को लेकर काफी सवाल उठाए गए थे। 2015 में राहुल ने 60 दिनों की छुट्टियां बिताई थी। तब राहुल 16 फरवरी, 2015 को बैंकॉक के लिए निकले थे और दो महीने बाद 16 अप्रैल को भारत वापस लौटे थे। राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव के दौरान मिली हार के बाद अपने पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। वर्तमान में कांग्रेस की कमान सोनिया गांधी के हाथों में है।
