अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए आज मतदान होना है। इस चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप और कमला हैरिस के बीच कड़ी टक्कर है। अमेरिका का अगला राष्ट्रपति कौन होगा यह कुछ ही समय में पता चल जाएगा। सर्वे में दोनों के बीच कड़ी टक्कर बताई जा रही है। कुछ लोग यह भी दावा कर रहे हैं कि दोनों के बीच मुकाबला बराबरी यानी टाई हो सकता है। अगर ऐसा हुआ तो क्या दोबारा चुनाव किया जाएगा? आखिर ऐसी स्थिति में राष्ट्रपति पद का चुनाव कैसे होगा हम अपनी रिपोर्ट में समझते हैं।

अमेरिका में कैसे चुनाव जाता है राष्ट्रपति?

सबसे पहले समझते हैं कि अमेरिका में राष्ट्रपति पद का चुनाव कैसे होता है। अमेरिका में सीधे तौर पर लोग राष्ट्रपति पद के लिए वोट नहीं करते हैं। वह 538 सदस्यों वाले ‘इलेक्टोरल कॉलेज’ के लिए वोट देते हैं। इसमें हर राज्य को उसके कांग्रेस में प्रतिनिधि की संख्या के बराबर ‘इलेक्टर’ मिलते हैं। व्यवस्था यह है कि मेने और नेब्रास्का को छोड़कर हर राज्य अपने सभी इलेक्टोरल वोट उसे देता है तो राज्यव्यापी वोटों में सबसे आगे होता है। ऐसे में किसी भी उम्मीदवार को जीत के लिए कम से कम 270 इलेक्टोरल कॉलेज वोटों की जरूरत होती है।

मुकाबला टाई हुआ तो क्या होगा?

अगर दोनों ही उम्मीदवारों को 269-269 वोट मिले तो मुकाबला बराबरी का हो जाएगा। ऐसी स्थिति में फैसला कांग्रेस यानी अमेरिकी संसद करेगी। विशेष रूप से नए चुने गए हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव जनवरी में राष्ट्रपति का चयन करेंगे। वहीं सीनेट अगले उपराष्ट्रपति का चयन करेगी। बता दें कि ओपिनियन पोल में इस बार दोनों उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।

जब दोनों उम्मीदवारों के बीच टाई हुई था मुकाबला

अमेरिका के इतिहास में एक बार ऐसा हो चुका है जब दोनों उम्मीदवारों के बीच मुकाबला बराबरी पर हुआ था। ऐसा आखिरी बार 1800 में हुआ था। उस समय थॉमस जेफरसन और उस वक्त के मौजूदा राष्ट्रपति जॉन एडम्स के बीच मुकाबला था। दोनों के बीच मुकाबला टाई हो गया। काफी जद्दोजहद के बाद 36वें मतदान में जेफरसन को राष्ट्रपति चुना गया।