उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि अब वो सरकार को कोई सलाह नहीं देंगे, अब वो सरकार बनाएंगे। किसानों के मुद्दे पर पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए जब रिपोर्टर ने उनसे पूछा कि आप सरकार को इस मुद्दे पर क्या सलाह देना चाहेंगे तो उन्होंने कहा कि अब वो कोई सलाह नहीं देना चाहेंगे, बल्कि अब राज्य में वो सरकार बनाएंगे। अखिलेश यादव के जवाब को सुनकर साथ बैठे लोग अपने आप को रोक नहीं पाए और ताली बजाने लगे।
शुक्रवार को अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को बर्बाद करना चाहती है। यही कारण है कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। खाद के दाम बढ़ाए जा रहे हैं लेकिन किसानों को कोई कीमत नही दी जा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार किसान, बेरोजगार और युवाओं का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा कहती है कि कानून से किसानों को लाभ मिलेगा लेकिन किसान चाहते हैं कि कानून वापस हो लेकिन सरकार वापस नहीं लेना चाहती है।
बीजेपी सरकार पर बोला हमला
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने हर वर्ग के लोगों को दुखी किया है और किसानों के सामने संकट पैदा कर दिया है। उन्नाव की घटना को लेकर उन्होंने कहा कि जो पुलिस कह दे रही है सरकार वो मान ले रही है। आज दो बहनों की जान चली गई और एक बचेगी या नहीं यह बड़ा सवाल है। उन्नाव में लगातार घटनाएं हो रही हैं। आखिर इसका जिम्मेदार कौन है?
अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि तेल पर टैक्स के रूप में सरकार भारी मुनाफा ले रही है, लेकिन ये पैसा कहा जा रहा है? अब सपने दिखाए जा रहे हैं कि इनवेस्टमेंट आ रहा है, अगर इनवेस्टमेंट आ रहा है तो जा कहा रहा है?
2022 में है उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव
उत्तर प्रदेश में अगले साल 2022 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन को हार का सामना करना पड़ा था। वहीं इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 300 से अधिक सीटों पर जीत मिली थी। चुनाव से ठीक पहले समाजवादी पार्टी में टूट हो गयी थी। अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल यादव ने अपना रास्ता अलग कर लिया था।