Akali Dal MP Simranjit Singh Mann: शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के प्रमुख सिमरनजीत सिंह मान ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का बहिष्कार करने का आह्वान किया है। बता दें कि पिछले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “हर घर तिरंगा” अभियान शुरुआत की थी। इसमें उन्होंने लोगों से अपील की थी कि देश की आजादी के 75 साल पूरे पर देशवासी अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएं। ऐसे में इस अभियान का सिमरनजीत सिंह मान ने बहिष्कार करने की आह्वान किया है।
बता दें कि सिमरनजीत सिंह मान संगरूर से सांसद हैं। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान के विरोध में कहा कि मैं अपील करता हूं कि 14-15 अगस्त को अपने घरों और दफ्तरों में निशान साहिब लगाएं। दीप सिद्धू जो अब हमारे बीच नहीं है, कहते थे कि सिख आजाद है और एक अलग समुदाय का हिस्सा है। अलगावादी नेता सिमरनजीत ने भारतीय सेना को “दुश्मनों” की सेना कहा है।
मान ने खालिस्तानी आतंकवादी जरनैल सिंह को शहीद बताते हुए कहा, “जरनैल सिंह भिंडरांवाले दुश्मन की सेना से लड़ते हुए शहीद हो गए।” मान के इस बयान की आप ने आलोचना की है। आप के प्रवक्ता मलविंदर सिंह कांग ने फटकार लगाते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का बहिष्कार करना उनके असली चरित्र और मंशा को दर्शाता है।
इसके अलावा प्रतिबंधित सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) को लीड करने वाले नामित आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू का वीडियो सामने आया है। जिसमें उसने पंजाब के लोगों को तिरंगा जलाने और स्वतंत्रता दिवस पर खालिस्तानी झंडा फहराने के लिए उकसाने की कोशिश की है।
वहीं भाजपा नेता विनीत जोशी ने गुरपतवंत सिंह पन्नू को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि लोगों ने खालिस्तान को खारिज कर दिया है और कड़ी मेहनत से मिली शांति के मूल्य को समझा है। जोशी ने कहा कि गुरपतवंत सिंह पन्नू आईएसआई की धुन पर नाच रहा है और देश में अशांति पैदा करने की कोशिश कर रहा है।
कौन हैं सिमरजीत सिंह मान:
बता दें कि पंजाब की संगरुर लोकसभा सीट पर अभी हाल ही में उपचुनाव हुए थे। जिसमें शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के सिमरजीत सिंह मान ने जीत दर्ज की। उन्होंने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार गुरमेल सिंह को 5822 मतों के अंतर से हराया है। सिमरजीत सिंह मान को जरनैल सिंह भिंडरावाले की विचारधारा का समर्थक माना जाता है।