एअर इंडिया की फ्लाइट में एक यात्री के दूसरे यात्री पर पेशाब करने का मामला सामने आया है। बुधवार को दिल्ली से बैंकॉक जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट के दौरान एक यात्री ने एक अन्य यात्री पर कथित तौर पर पेशाब कर दिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एअर इंडिया ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को घटना की सूचना दे दी है।

इस घटना पर एअर इंडिया का बयान भी सामने आया है। एअर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, “एअर इंडिया इस बात की पुष्टि करता है कि 9 अप्रैल 2025 को दिल्ली से बैंकॉक जाने वाली फ्लाइट AI2336 के केबिन क्रू को एक अनियंत्रित यात्री के व्यवहार की सूचना दी गई थी। क्रू ने सभी निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन किया और मामले की सूचना अधिकारियों को दे दी गई है। अनियंत्रित यात्री को चेतावनी देने के अलावा, हमारे क्रू ने एक पीड़ित यात्री को बैंकॉक में अधिकारियों के साथ शिकायत करने में मदद करने की पेशकश की, जिसे उस समय अस्वीकार कर दिया गया था।”

सिविल एविएशन मिनिस्टर बोले- मंत्रालय घटना का संज्ञान लेगा

एयरलाइंस ने आगे कहा, “घटना का आकलन करने और अनियंत्रित यात्री के खिलाफ़ की जाने वाली कार्रवाई (अगर कोई है तो) करने के लिए स्थायी स्वतंत्र समिति बुलाई जाएगी। एअर इंडिया ऐसे मामलों में DGCA द्वारा निर्धारित SOP का पालन करना जारी रखता है।”

पढ़ें- देश दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स

घटना एअर इंडिया की फ्लाइट के बिजनेस क्लास में हुई

इंडिया टुडे की खबर के अनुसार, यह घटना एअर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI2336 के बिजनेस क्लास में हुई, जब एक व्यक्ति ने एक सहयात्री पर पेशाब कर दिया। बताया जा रहा है कि सहयात्री एक बड़ी कंपनी का MD है। आरोपी यात्री बिजनेस क्लास की 2D सीट पर बैठा था और उसने पास बैठे यात्री पर पेशाब कर दिया। हालांकि पीड़ित यात्री ने घटना के संबंध में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन आरोपी ने अपनी हरकत के लिए माफी मांगी है।

घटना के बारे में पूछे जाने पर सिविल एविएशन मिनिस्टर के राममोहन नायडू ने बुधवार को कहा कि मंत्रालय घटना का संज्ञान लेगा और एयरलाइंस कंपनी से बात करेगा। नायडू ने दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान कहा, ‘‘अगर कोई गलत चीज हुई है तो हम आवश्यक कार्रवाई करेंगे।’’ पढ़ें- देशभर के मौसम का हाल