एअर इंडिया की एक फ्लाइट का एक इंजन रास्ते में ही बंद हो गया। एअर इंडिया का एक बोइंग 777 विमान सोमवार सुबह उड़ान भरने के तुरंत बाद एक इंजन (दाहिने तरफ का) बंद हो जाने के बावजूद सुरक्षित रूप से दिल्ली लौट आया। फ्लाइट ट्रैकिंग साइटों के अनुसार, VT-ALS विमान ने सुबह 6:10 बजे AI 887 के रूप में मुंबई के लिए उड़ान भरी थी और लगभग 6:52 बजे वापस आ गया।

दो इंजन वाले विमान चूंकि एक इंजन पर भी सुरक्षित लैंडिंग कर सकते हैं इसलिए विमान सुरक्षित दिल्ली लौट आया। एअर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार, “22 दिसंबर को दिल्ली से मुंबई जा रही फ्लाइट AI 887 के चालक दल ने तकनीकी खराबी के कारण मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार उड़ान भरने के तुरंत बाद दिल्ली लौटने का फैसला किया। विमान दिल्ली में सुरक्षित रूप से उतर गया और यात्री, चालक दल के सदस्य उतर चुके हैं। इस अप्रत्याशित स्थिति के कारण हुई असुविधा के लिए एयर इंडिया को गहरा खेद है। विमान की आवश्यक जांच की जा रही है।”

एअर इंडिया ने आगे कहा, “दिल्ली स्थित हमारी ग्राउंड टीम यात्रियों को तत्काल सहायता प्रदान कर रही है और उन्हें शीघ्र ही उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। एअर इंडिया में, हमारे यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा और भलाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

विमान दिल्ली लौटने से पहले करीब एक घंटे तक हवा में रहा

सूत्रों ने बताया कि लगभग 335 लोगों को ले जा रहा विमान दिल्ली लौटने से पहले करीब एक घंटे तक हवा में रहा। विमान को आपात स्थिति में उतारा गया। नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) के एक सूत्र ने बताया कि विमान ने उड़ान भरने के बाद फ्लैप के दौरान दाहिने इंजन में तेल का दबाव कम होने के कारण हवा में ही वापस लौटने का फैसला किया। सूत्र के अनुसार, ‘इंजन ऑयल’ का दबाव शून्य पर आ गया और मामले की जांच जारी है। सूत्र ने यह भी बताया कि पिछले रिकॉर्ड की समीक्षा से तेल की खपत में किसी प्रकार की असामान्यता का संकेत नहीं मिलता है।

एअर इंडिया ने यात्रियों के लिए की वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था

इंजन की खराबी की जांच के अलावा, डीजीसीए ने फ्लाइट के यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ान की भी व्यवस्था की। एअर इंडिया ने उन्हें उनके गंतव्य तक ले जाने के लिए एक अन्य B777 (वीटी-एएलपी) विमान की व्यवस्था की। बोर्डिंग गेट पर ही जलपान की व्यवस्था की गई थी। एक अधिकारी ने बताया, “यात्रियों की बोर्डिंग सुबह 9.06 बजे शुरू हुई और वैकल्पिक विमान के लगभग 10 बजे उड़ान भरने की उम्मीद है।”

(भाषा के इनपुट के साथ)

पढ़ें- दिल्ली के प्रदूषण से इस हफ्ते भी नहीं मिलेगी राहत