Air India Flight Emergency Landing: थाईलैंड में एअर इंडिया के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग हुई है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने एयरपोर्ट के अफसरों के हवाले से बताया है कि यह फ्लाइट थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही थी और इसी दौरान विमान में बम होने की धमकी मिली थी। इसके बाद थाईलैंड में इसकी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में 156 यात्री सवार थे।

एक अफसर ने रॉयटर्स को बताया कि फ्लाइट संख्या AI 379 के एयरपोर्ट पर उतरने के बाद इसमें सफर कर रहे यात्रियों को विमान से बाहर निकाल लिया गया है। फ्लाइट ट्रैकर Flightradar24 के अनुसार, विमान ने शुक्रवार को सुबह 9:30 बजे फुकेट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी लेकिन बम की धमकी मिलने के बाद यह अंडमान सागर के चारों ओर चक्कर लगाते हुए वापस थाई द्वीप पर उतर गया।

सिर्फ 10 मिनट की देरी और उड़ गयी फ्लाइट… जानें गुजरात की महिला की प्लेन क्रैश में कैसे बची जान

अहमदाबाद में हादसे का शिकार हुआ विमान

बताना होगा कि गुरुवार को ही अहमदाबाद में एअर इंडिया का विमान हादसे का शिकार हो गया था और इसमें अब तक 265 लोगों की मौत हो चुकी है।

यह विमान उड़ान भरने के कुछ मिनटों के भीतर ही हादसे का शिकार हो गया था। फ्लाइट लंदन जा रही थी। इसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के सीनियर नेता विजय रुपाणी सहित कुल 242 लोग सवार थे। विमान में सवार सभी 241 लोगों की मौत हो चुकी है और एक शख्स विश्वास कुमार रमेश की जान बच गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचे और उन्होंने हालात का जायजा लिया और घायलों से मुलाकात की। विमान में कुल 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। इनमें से 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक थे। 

यह भी पढ़ें- उड़ान के तीन घंटे बाद ही वापस लौटी एअर इंडिया की फ्लाइट, मुंबई से जा रही थी लंदन