Air India Flight Emergency Landing: दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एक फ्लाइट में अचानक फायर अलार्म बजा, जिसके चलते यात्रियों में हड़कंप मच गया। ऐसे में दिल्ली एयरपोर्ट से कुछ ही वक्त पहले उड़ी फ्लाइट की तुरंत ही वापस दिल्ली एयरपोर्ट में एमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। इस फ्लाइट में 175 यात्रियों के अलावा कैबिन क्रू के मेंबर्स भी शामिल थे। हालांकि गनीमत यह रही कि कोई हादसा नहीं हुआ।

जानकारी के मुताबिक दिल्ली से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरते ही Air India की फ्लाइट नंबर AI-807 को तत्काल पायलट ने वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर आपातकालीन स्थिति में लैंड कर दिया। जांच के दौरान विमान में हल्की आग लगने की बात सामने आई है। विमान में 175 पैसेंजर सवार थे। विमान के पैसेंजर्स को बाद में एक अन्य विमान से बेंगलुरु रवाना किया गया है।

न्यूज एजेंसी ANI ने बताया कि इस घटना की पुष्टि दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अधिकारियों द्वारा की गई है। जानकारी के मुताबिक एअर इंडिया फ्लाइट नंबर AI-807 ने दिल्ली एयरपोर्ट से शाम 5.52 बजे बेंगलुरु के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने से पहले विमान का पूरी तरह सिक्योरिटी और तकनीकी चेकअप किया गया था। चेकअप में विमान में कोई खराबी नहीं निकली थी।

वहीं विमान ने शुक्रवार शाम को 175 पैसेंजर के साथ दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरी। फ्लाइट के उड़ते ही पायलट के पास लगे फायर सिग्नल्स चेतावनी देने लगे। पायलट ने विमान को मोड़ते हुए इसकी जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी।

पायलट द्वारा एयर ट्रैफिक कंट्रोल को जानकारी देने पर पर ATC ने विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराने की इजाजत दे दी। साथ ही दिल्ली एयरपोर्ट पर ATC ने फुल इमरजेंसी प्रोटोकॉल घोषित कर दिया।

दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों ने बताया कि विमान में आग की सूचना मिलते ही तीन फायर टेंडर स्पॉट पर रवाना कर दिए गए थे। उन्होंने कहा कि हमें शाम 6.15 बजे IG एयरपोर्ट से सूचना मिली। हमने तत्काल तीन फायर टेंडर रवाना कर दिए। हालांकि फ्लाइट सेफ लैंड हुई और किसी भी तरह की दुर्घटना नहीं हुई।