गुजरात के अहमदाबाद में एअर इंडिया का प्लेन क्रैश हो गया। इसमें 242 यात्री बैठे हुए थे, जिसमें से 241 की मौत हो गई। इसी प्लेन में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय रुपाणी भी सवार थे। उनकी भी इस प्लेन हादसे में मौत हो गई है। यह हादसा 12 जून को हुआ। इस बीच हैरान कर देने वाली जानकारी सामने आई है।
विजय रुपाणी के लिए 1206 था लकी नंबर
दरअसल विजय रुपाणी का लकी नंबर 1206 था। चाहे उन्होंने पहले स्कूटर खरीदी हो या फिर कार खरीदी हो, उसके नंबर प्लेट पर 1206 ही लिखा रहता था। विजय रुपाणी की मौत भी 12 जून को ही हुई, जिसे हम 12/06 लिखते हैं।
अब सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है कि विजय रुपाणी के लिए जो नंबर लकी था, वही उनके लिए अनलकी साबित हुआ। इसी को भाग्य का खेल भी कहते हैं। 68 साल के रुपाणी के लिए जो हमेशा से लकी नंबर रहा, वही आखिरी सफर पर उनके लिए अनलकी साबित हुआ।
वर्तमान में विजय रुपाणी पंजाब के प्रभारी थे। अहमदाबाद में हुए दुखद प्लेन हादसे में विजय रुपाणी का निधन हो गया है। वह अपनी बेटी और पत्नी से मुलाकात करने लंदन जा रहे थे। लेकिन प्लेन क्रैश में उनकी मौत हो गई। इस बीच बीजेपी के पंजाब चीफ सुनील जाखड़ ने कहा कि पहले वह 5 जून से 12 जून तक लंदन जाने वाले थे, लेकिन पार्टी के कार्यक्रमों की वजह से उन्होंने एक हफ्ते के लिए दौरा टाल दिया था।
विजय रुपाणी का राजनीतिक सफर
विजय रुपाणी की गिनती बीजेपी के बड़े नेताओं में होती थी और वह पीएम मोदी और अमित शाह दोनों के करीबी माने जाते थे। विजय रुपाणी का जन्म बर्मा में हुआ था। उनका जन्म जैन परिवार में हुआ था, लेकिन बर्मा में राजनीतिक अस्थिरता के कारण 1960 में वह अपने परिवार के साथ गुजरात के राजकोट में बस गए। विजय रुपाणी ने 16 साल की उम्र में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ज्वाइन कर लिया और उसके बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्य रहे।
वहीं 1976 में जब पूरे देश में इमरजेंसी लागू थी, तब विजय रुपाणी को 11 महीने तक भुज और भावनगर की जेल में रखा गया था। फरवरी 2016 में विजय रुपाणी को गुजरात बीजेपी का अध्यक्ष बना दिया जाता है। यह साल विजय रुपाणी के लिए सबसे अच्छा साबित हुआ, क्योंकि अध्यक्ष बनने के 6 महीने बाद ही यानी अगस्त 2016 में विजय रुपाणी को गुजरात का मुख्यमंत्री बना दिया जाता है।