समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार (छह अक्टूबर) को मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के खिलाफ होने वाले गठबंधन के मसले पर अपनी राय जाहिर की। राजधानी लखनऊ में हुए एक कार्यक्रम में उन्होंने पत्रकारों को बताया, “कांग्रेस ने हमें बहुत इंतजार कराया है। हम अब बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से इस बारे में बात करेंगे।”

आपको बता दें कि इस साल के अंत में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिनमें मध्य प्रदेश का नाम भी शामिल है। सपा ने इसी को लेकर ऐलान किया था कि वह एमपी के दो दर्जन विस क्षेत्रों में अपने प्रत्याशी उतारेगी। चुनाव में सपा और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर बीते कुछ दिनों से चर्चा का बाजार गर्म था। उसी पर अखिलेश की यह ताजा टिप्पणी आई है, जिसे एक प्रकार से कांग्रेस पर तंज माना जा रहा है।

सपा प्रमुख ने आगे कहा, “हम मध्य प्रदेश चुनाव में कांग्रेस के साथ मैदान में उतारने की तैयारी कर रहे थे। पर कांग्रेस ने अभी तक हमसे अपनी किसी भी योजना पर चर्चा नहीं की है। हमने उसके चक्कर में बहुत इंतजार किया, मगर अब हम और नहीं रुकेंगे। हम बसपा से इस बारे में बात करेंगे।”

बकौल अखिलेश, “हम गोंडवाना पार्टी से भी इस संबंध में बात कर रहे हैं और बसपा के साथ भी चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि, अखिलेश ने इस बात पर भी इशारा किया कि अगर सपा की किसी दल से बात नहीं बनी तो वह अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।

उनके मुताबिक, “एमपी चुनाव की तारीखों का ऐलान होने वाला है। पर बीजेपी के खिलाफ वहां गठबंधन को लेकर कांग्रेस रुचि नहीं ले रही है। हमें इसी वजह से अलग होना पड़ रहा है। हमारी पार्टी उनके साथ मिलकर वहां क्या, बाकी राज्यों में भी चुनाव नहीं लड़ेगी। कांग्रेस को गठबंधन के लिए बड़ा दिल रखना चाहिए। उसे एक जैसी विचारधारा वाले दलों को साथ लेकर आगे बढ़ना चाहिए।”