कांग्रेस के अध्यक्ष पद से राहुल गांधी के इस्तीफा देने के बाद पार्टी में नेतृत्व का संकट खड़ा है। लेकिन, इससे अलग राहुल गांधी खुद को रिलैक्स करने में जुटे हैं। इस्तीफे के बाद से उठे बवंडर के बीच उन्होंने खुद के लिए सिनेमा देखना का वक़्त निकाल लिया। ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ के कॉलम ‘डेल्ही कॉन्फिडेंशल’ के मुताबिक दिल्ली के एक मूवी थेटर में राहुल गांधी ने क्रिटिकली पसंद की जा रही मूवी ‘आर्टिकल-15’ देखी। राहुल गांधी के मूवी देखते हुए एक क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस तस्वीर में राहुल गांधी सिनेमा हॉल में बैठे हुए हैं।
गौरतलब है कि राहुल के इस्तीफे के बाद से कांग्रेस में सबसे बड़ी चुनौती नए अध्यक्ष को लेकर खड़ी हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अगले सप्ताह में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक हो सकती है। लेकिन, अभी भी अध्यक्ष को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। वहीं, कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने स्पष्ट कर दिया है कि गांधी परिवार से अगला पार्टी का मुखिया नहीं होगा।
वहीं, इस बीच इकोनॉमिक्स टाइम्स ने कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के हवाले से बताया है कि राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी के उपचार के लिए अमेरिका निकलने वाले हैं। राहुल की बहन अपने पति रॉबर्ट वाड्रा के साथ पहले ही अमेरिका में हैं। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी शुक्रवार को ही अमेरिका के लिए रवाना होंगे।