Ladakh: लद्दाख के लेह जिले में सेना का एक वाहन खाई में गिर गया। हादसे में 9 जवानों की मौत की खबर सामने आ रही है। अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी है। शुरुआती जानकारी में बताया गया है कि यह दुर्घटना शनिवार शाम दक्षिणी लद्दाख के न्योमा के क्यारी में हुई है। फिलहाल घटनास्थल पर बचाव अभियान चल रहा है।
अब तक क्या कुछ सामने आया है?
शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि क्यारी शहर से 7 किमी दूर एक दुर्घटना में भारतीय सेना के आठ जवानों की जान चली गई है। घटना में कई अन्य घायल हैं। सैनिक कारू गैरीसन से लेह के पास क्यारी की ओर बढ़ रहे थे। दुर्घटना में कई सैनिकों को चोटें भी आई हैं। रक्षा अधिकारी ने कहा कि अधिकार जानकारी जल्द सामने आएगी।
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक सेना का एक वाहन जो लेह से न्योमा की ओर एक काफिले के हिस्से के रूप में जा रहा था, लगभग 5:45 से 6:00 बजे शाम को क्यारी से 7 किलोमीटर पहले घाटी में फिसल गया। वाहन में 10 कर्मी सवार थे जिनमें से नौ की मौत हो गई और एक घायल हो गया। घायल कर्मियों को अस्पताल ले जाया गया है।
रक्षा मंत्री सहित कई नेताओं ने जताया दुख
लद्दाख के लेह में हुए हादसे को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल साइट एक्स पर रक्षा मंत्री ने लिखा,”लद्दाख में लेह के पास एक दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की मौत से दुखी हूं। हम अपने राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल कर्मियों को फील्ड अस्पताल ले जाया गया है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
लेह के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीडी नित्या ने कहा कि सेना का वाहन जिसमें 10 जवान सवार थे न्योमा की ओर जा रहा था तभी उसके चालक ने नियंत्रण खो दिया वाहन खाई में गिर गया।
पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और सभी घायल सैनिकों को सेना की चिकित्सा सुविधा में ले जाया गया जहां आठ कर्मियों को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा इसके बाद एक और जवान की मौत हो गई। अधिकारी ने कहा कि एक और जवान का इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
ज्यादा जानकारी सामने आने के बाद खबर को अपडेट किया जाएगा।
